फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 31 Oct BJP HQ Deepotsav 50 Diplomats north east west south politics crime and other news

न्यूज डायरी: केरलम में अब हर थाने में खुलेंगे नागरिक सहायता केंद्र; UDP अध्यक्ष ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा

Sat, 31 Oct 2026 10:41 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 31 Oct 2026 10:41 PM IST
विज्ञापन
National Updates 31 Oct BJP HQ Deepotsav 50 Diplomats north east west south politics crime and other news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केरलम पुलिस ने सभी थानों में पुरानी PRO व्यवस्था खत्म कर नागरिक सहायता केंद्र शुरू किए हैं। इन केंद्रों पर लोगों को शिकायत दर्ज कराने, ऑनलाइन सेवाओं और कानूनी मदद जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और दिव्यांगों को विशेष सहायता दी जाएगी। साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध की शिकायत भी यहां की जा सकेगी। सूचना के अधिकार (RTI) और FIR की कॉपी के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा। हालांकि, विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने इस फैसले की आलोचना की है। उनका कहना है कि इससे पुलिस और आम लोगों के बीच सीधा संपर्क कम हो सकता है।

विज्ञापन


केरलम के कोट्टायम में घर के अंदर फंदे से लटके मिले परिवार के तीन सदस्यों के शव
केरलम के कोट्टायम में शनिवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव उनके घर में फंदे से लटके मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय साजू एंटनी, उनकी पत्नी 59 वर्षीय अनु और 34 वर्षीय बेटे साविन के रूप में हुई है। पुलिस को शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। चंगनाशेरी स्थित घर के अलग-अलग कमरों में तीनों के शव फंदे से लटके मिले।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह रिश्तेदारों ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे एसबी कॉलेज के पास स्थित उनके घर पहुंचे। घर अंदर से बंद था। रिश्तेदारों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां साजू और अनु के शव उनके बेडरूम में, जबकि साविन का शव स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। हालांकि, मौतों के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि साविन की शादी दो साल पहले हुई थी और उनकी पत्नी विदेश में काम करती हैं।

मेघालय में UDP अध्यक्ष मेटबाह लिंगदोह ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा
मेघालय में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के अध्यक्ष मेटबाह लिंगदोह ने शनिवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा को अपना इस्तीफा सौंपा। पार्टी के 12 में से 11 विधायक पहले ही UDP छोड़ चुके हैं। इनमें आठ विधायक भाजपा और तीन विधायक NPP में शामिल हो गए थे। अब विधानसभा में लिंगदोह ही पार्टी के एकमात्र विधायक बचे हैं। उन्होंने कहा कि इस्तीफा उन्होंने अपनी मर्जी से दिया है।

Trending Videos

तमिलनाडु में एक नवंबर से शराब की कीमतें बढ़ेंगी, 10 रुपये का पर्यावरण उपकर लागू
तमिलनाडु में रविवार से शराब के शौकीनों को अपनी पसंदीदा शराब खरीदने के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। राज्य सरकार के उपक्रम तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (टास्मैक) की ओर से एक नवंबर से 10 रुपये का नया पर्यावरण उपकर लागू किया जा रहा है। इसका मतलब है कि खुदरा दुकानों से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल), बीयर या वाइन की हर खरीद पर 10 रुपये का अतिरिक्त पर्यावरण एवं सामाजिक कल्याण शुल्क देना होगा।

टास्मैक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार, इस फैसले को लागू करने के लिए आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े सभी पक्षों को सूचित कर दिया गया है। इनमें स्थानीय निर्माता और आपूर्तिकर्ता भी शामिल हैं। उन्हें नई व्यवस्था के अनुरूप कीमतों में बदलाव करने को कहा गया है।

इसके अलावा, वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पांच क्षेत्रीय जोन में अलग-अलग बैंक खाते खोले गए हैं। अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत ग्राहक अधिकृत विक्रेताओं को पात्र खाली बोतलें लौटाकर अपने 10 रुपये वापस भी प्राप्त कर सकते हैं।

पढ़ाई के लिए डांट नागवार गुजरी, किशोरी ने 23वीं मजिल से कूदकर दे दी जान
पढ़ाई के लिए माता-पिता की डांट से परेशान 11वीं की छात्रा ने अपने अपार्टमेंट की 23वीं मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि छात्रा शहर के एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाई करती थी और बृहस्पतिवार की रात को उसने ऐसा भयानक कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर आत्महत्या का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि अभिभावक की डांट के कारण उसने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाया। हालांकि अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

सुप्रीम कोर्ट के जज एनवी अंजारिया ने पूर्व AG सुरेश शेलत की याद में किताब का विमोचन किया
सुप्रीम कोर्ट के जज एनवी अंजारिया ने शनिवार को गुजरात के पूर्व एडवोकेट जनरल (AG) स्वर्गीय सुरेश शेलत की याद में लिखी किताब 'श्री सुरेश शेलत: ए लेगेसी रिमेम्बर्ड' का विमोचन किया। इस मौके पर जस्टिस अंजारिया ने शेलत को अपना 'पेशेवर पिता' बताया। उन्होंने कहा कि उनके असली पिता ने उन्हें कानून की शुरुआती बातें सिखाईं, जबकि सुरेश शेलत से उन्होंने कानून की भाषा और उसे समझने का तरीका सीखा।

जस्टिस अंजारिया ने बताया कि शेलत की सबसे बड़ी खासियत उनका पेशेवर व्यवहार था। वे कभी जजों की आलोचना नहीं करते थे और न ही दूसरे वकीलों या न्यायिक संस्थाओं के बारे में गलत बोलते थे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में उनके इस व्यवहार से सीख लेने की जरूरत है।

इस कार्यक्रम में भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, गुजरात हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनश रंजन पाठक और गुजरात के एडवोकेट जनरल कमल त्रिवेदी समेत कई लोग मौजूद रहे। तुषार मेहता ने भी शेलत को दुर्लभ गुणों वाला वकील बताते हुए कहा कि उनकी पहचान ईमानदारी, विनम्रता और अच्छे चरित्र से थी।

भाजपा मुख्यालय में दीपोत्सव, 50 देश राजनयिक पहुंचे
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय विस्तार में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में 50 देशों के दूतावास प्रमुखों और 90 से अधिक राजनयिक प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और वैश्विक समुदाय के बीच सांस्कृतिक संबंधों व जनता से जनता के संपर्क को और सुदृढ़ करना है। समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने सभी राजनयिकों और उनके परिवारों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व दिवाली असत्य पर सत्य और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विभिन्न देशों के बीच आपसी समझ, सद्भाव और विश्वास को गहरा करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्व मंच पर भारत के बढ़ते कद और सांस्कृतिक विरासत को साझा करने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के बाद अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वसुधैव कुटुम्बकम् के विजन को दर्शाते हुए यह आयोजन भारत और विश्वभर के देशों के बीच सहयोग व मैत्री को मजबूती प्रदान करेगा।

अरुणाचल के छात्र ने राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार में जीता विशेष पुरस्कार
अरुणाचल प्रदेश के नौवीं कक्षा के छात्र रूबू डेनियल ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार 2026 में विशेष पुरस्कार जीता है। उन्होंने देश के 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के छात्रों के बीच अपनी जगह बनाई। उन्हें एक साल के लिए 24 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी मिलेगी। सेमिनार में भारत की वर्ष 2047 तक ऊर्जा जरूरतों और उनसे जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हुई। ओडिशा ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।

केरलम में 39 सड़क परियोजनाओं के लिए केंद्र ने दिए 989 करोड़ रुपये
केंद्र सरकार ने केरलम में 39 सड़क परियोजनाओं के लिए 988.75 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इन पैसों से राज्य में करीब 486 किलोमीटर सड़कें बनाई और सुधारी जाएंगी। लोक निर्माण मंत्री पीके बशीर के मुताबिक, दिसंबर से काम शुरू होने की उम्मीद है। इसमें 570 करोड़ रुपये उत्तर केरलम के मालाबार क्षेत्र की 21 परियोजनाओं पर खर्च होंगे। इनसे पांच जिलों में सड़क संपर्क बेहतर होगा।

वायनाड भूस्खलन पीड़ित 149 और परिवारों को मिलेंगे नए घर
केरलम के वायनाड में 2024 के भूस्खलन से प्रभावित 149 और परिवारों को शनिवार को नए घर आवंटित किए गए। ये घर मुंडक्कई-चूरलमाला आपदा के पीड़ितों के लिए बनाई जा रही पुनर्वास कॉलोनी में दिए गए हैं। राजस्व मंत्री एपी अनिलकुमार ने बताया कि घर 30 नवंबर तक रहने के लिए तैयार हो जाएंगे। पहले चरण में 178 परिवारों को घर दिए जा चुके हैं। किराये के मकानों में रह रहे प्रभावित परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। कॉलोनी में बिजली, पानी और जमीन के दस्तावेजों की व्यवस्था भी की जा रही है।

तमिलनाडु में 30 हजार महिलाओं को मिलेंगी पांच बकरियां या भेड़ें, सरकार देगी 109.75 करोड़ रुपये
तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं को रोजगार देने के लिए 109.75 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है। इसके तहत 30 हजार पात्र महिलाओं को पांच बकरियां या भेड़ें 100 प्रतिशत सरकारी सहायता पर दी जाएंगी। यानी लाभार्थियों को इसके लिए कोई पैसा नहीं देना होगा। 'वेट्री मगलिर गोट रियरिंग योजना' का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इसमें बेसहारा विधवाओं, जरूरतमंद महिलाओं, ट्रांसजेंडर और दिव्यांग लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मेघालय में 60 लाख की हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
मेघालय के वेस्ट गारो हिल्स जिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर करीब 60 लाख रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और वेस्ट गारो हिल्स पुलिस ने मिलकर टिकरिकिल्ला इलाके में की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असम के गोलपाड़ा जिले के रहने वाले 31 वर्षीय शाहादोत अली और रेजाउल इस्लाम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को साबुन रखने वाले प्लास्टिक के 10 डिब्बों में 112.52 ग्राम संदिग्ध हेरोइन मिली। इसकी बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो कारें और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत टिकरिकिल्ला थाने में केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों को शक है कि आरोपी दूसरे राज्यों में फैले किसी बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

कोलकाता एयरपोर्ट से भाजपा ने शुरू किया पहला ट्रेड यूनियन, बंसल बोले- ऐतिहासिक दिन
भाजपा ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपना पहला ट्रेड यूनियन शुरू किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने शनिवार को इसे ऐतिहासिक दिन बताया। इस मौके पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।

सुनील बंसल ने कहा कि यह यूनियन कर्मचारियों के हितों की रक्षा करेगी और पारदर्शिता के साथ काम करेगी। उन्होंने आने वाले पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य भी बताया। समिक भट्टाचार्य ने कहा कि एयरपोर्ट के संविदा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संगठन बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य से मजदूरों, पूंजी और प्रतिभाओं का पलायन रोकने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के साथ एयरपोर्ट का काम प्रभावित न करने की भी अपील की।

मेकेदातु परियोजना के लिए 2,500 एकड़ जमीन की पहचान: डीके शिवकुमार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को बताया कि कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु परियोजना के लिए अब तक 2,500 एकड़ वैकल्पिक जमीन की पहचान की गई है। इसमें वन भूमि भी शामिल है। यह परियोजना बंगलूरू दक्षिण जिले के कनकपुरा तालुक में बनाई जानी है।

शिवकुमार ने कहा कि परियोजना पूरी होने पर कर्नाटक 66 टीएमसी पानी जमा कर सकेगा। इससे जरूरत के समय पानी छोड़ने और किसानों को राहत देने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि मांड्या जिले के डिप्टी कमिश्नर को जमीन से जुड़ी प्रक्रिया की निगरानी करने वाली समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, परियोजना के लिए वन विभाग की जमीन के बदले दूसरी जमीन दी जाएगी। इसके अलावा किसानों की करीब 500 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

इस परियोजना का उद्देश्य बंगलूरू और आसपास के इलाकों को पीने का पानी उपलब्ध कराना और 400 मेगावाट बिजली पैदा करना है। हालांकि, तमिलनाडु इस परियोजना का विरोध कर रहा है। उसे आशंका है कि इससे राज्य को मिलने वाले कावेरी के पानी पर असर पड़ सकता है।

गुवाहाटी होटल गोलीकांड की जांच कर रहे SIT के दो अधिकारी ट्रांसफर
असम सरकार ने गुवाहाटी के एक होटल में हुई गोलीबारी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के दो सदस्यों का तबादला कर दिया है। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई थी। गृह विभाग के आदेश के मुताबिक, शनिवार को राज्य में सात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया।

तबादला किए गए अधिकारियों में गुवाहाटी के डीसीपी (सेंट्रल) शांभवी मिश्रा और एडिशनल डीसीपी विकू एल अचुमी शामिल हैं। उनकी जगह मृणाल डेेका और पृथ्वीराज राजखोवा को जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, SIT में इन दोनों अधिकारियों की जगह कौन लेगा, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

पश्चिम बंगाल: नाबालिग साली से दुष्कर्म के आरोप में जीजा गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी नाबालिग साली से बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता करीब सात महीने की गर्भवती है।

आरोपी को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता के पिता ने 4 अक्टूबर को सिलीगुड़ी के प्रधाननगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ उसके जीजा ने कई बार यौन शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन आरोपी इलाके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। जांचकर्ताओं ने मोबाइल फोन के टावर लोकेशन की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिलीगुड़ी लाया गया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

हैदराबाद के पास खेत में करंट लगने से दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत
हैदराबाद के बाहरी इलाके में धान के खेत में बिजली के तार की चपेट में आने से दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के 10 छात्र शुक्रवार देर रात जन्मदिन मनाने के लिए खेत में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पुलिस की गश्ती गाड़ी आती दिखाई दी। घबराकर कुछ छात्र बाइक लेकर खेत की तरफ चले गए, जबकि बाकी पैदल भागने लगे।

कुछ देर बाद छात्रों ने अपने दो दोस्तों को जमीन पर पड़ा देखा। दोनों बिजली के तार की चपेट में आ गए थे। इसके बाद एक छात्र ने गश्ती वाहन के पास पहुंचकर मदद मांगी। दोनों को पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, खेत में जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए बिजली का तार लगाया गया था। यह काम अवैध तरीके से किया गया था। पुलिस ने तार लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

ओडिशा: पानी से भरे गड्ढे में मिला कॉलेज छात्रा का शव, गला रेता हुआ था
ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में शनिवार को 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का शव पानी से भरे गड्ढे में मिला। पुलिस के मुताबिक, छात्रा का गला रेता हुआ था। मृतका की पहचान सस्मिता बेहरा के रूप में हुई है। यह घटना मार्शाघई थाना क्षेत्र के जादुपुर गांव की है। सस्मिता शुक्रवार शाम से लापता थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने पास के गड्ढे में उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके से खून से सना एक चाकू भी बरामद किया है। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सस्मिता मार्शाघई कॉलेज में बीए की छात्रा थी। पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed