महराजगंज: प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, पांच घंटे बाद उतरी; अब दर्ज हुई प्राथमिकी
युवती के परिजनों के दबाव में करीब दो माह पहले प्रेमी को मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और दुष्कर्म की धाराओं में जेल भेजा गया था। करीब एक माह पहले जेल से रिहा होकर घर लौटने के बाद दोनों के बीच फिर नजदीकियां बढ़ने लगीं।
विस्तार
महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र में प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी 19 वर्षीय युवती रविवार तड़के बरवाभोज गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब पांच बजे हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी से शादी का आश्वासन मिलने की शर्त पर अड़ी रही। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद मौके पर पहुंचे प्रेमी ने माइक से शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद युवती टावर से नीचे उतर आई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह खेत की ओर गए कुछ लोगों ने युवती को टावर पर चढ़ा देखा। इसकी सूचना फैलते ही मौके पर पुलिस, युवती के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण जुट गए। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह और वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। युवती ने पूछताछ में प्रेम प्रसंग को टावर पर चढ़ने की वजह बताया।
पुलिस ने माइक सेट लगाकर घंटों युवती से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह प्रेमी से शादी का लिखित आश्वासन मिलने की मांग पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस ने उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया। प्रेमी ने माइक से शादी करने का आश्वासन दिया, तब युवती नीचे उतरने को तैयार हुई।
इसके बाद युवक और युवती अपने परिजनों के साथ नौतनवा थाने पहुंचे। वहां दोनों पक्षों की ओर से कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवती प्रेमी के साथ उसके घर चली गई।
एक माह पहले जेल से छूटा था प्रेमी
बताया गया कि युवती के परिजनों के दबाव में करीब दो माह पहले प्रेमी को मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और दुष्कर्म की धाराओं में जेल भेजा गया था। करीब एक माह पहले जेल से रिहा होकर घर लौटने के बाद दोनों के बीच फिर नजदीकियां बढ़ने लगीं। इसकी जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने विरोध किया। इसके बाद युवती ने अपनी बात मनवाने के लिए टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
युवती के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी