विधान सभा चुनाव मतगणना स्थल में व्यवस्थाओं की जानकारी प्रेक्षक को देते जिला निर्वाचन अधिकारी डा
- फोटो : PAURI
विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर जिले में ईवीएम मशीनों का द्वितीय रेंडमाइजेशन (जांच) किया गया। रेंडामाइजेशन जिले के तीनों निर्वाचन प्रेक्षकों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ। प्रेक्षकों ने मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम, एमसीएमसी, कंट्रोल रूम सहित निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रेक्षकों ने नोडल अधिकारियों को आवश्यक-दिशा निर्देश भी दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्मिकों को प्रथम प्रशिक्षण प्रदान कर दिया गया है। द्वितीय प्रशिक्षण सत्र फरवरी प्रथम सप्ताह में शुरू होगा। कहा कि जिले की छह विधानसभा सीटों पर एक-एक सखी बूथ बनाए गए हैं। इनमें समस्त कार्मिक महिलाएं ही तैनात हैं। प्रेक्षकों ने ड्यूटी में तैनात कार्मिकों के लिए समुचित व्यवस्था जुटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नोडल अधिकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण व सीडीओ प्रशांत कुमार आर्य, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम ईला गिरी और एसएसपी यशवंत सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।