एशिया से भगवती नगर, चौथे पुल की ओर जाने वाली सड़क को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। वहां राहगीरों के लिए फुटपाथ बनाया जा रहा है, जिससे लोगों को चलने में काफी आसानी होगी और दुघर्टना की संभावनाएं भी कम हो जाएंगी।
खासतौर पर भगवती नगर, बेलीचराना, अपर बेलीचराना सहित तालाब तिल्लो, अखनूर रोड, गोल गुजराल आदि जाने वाले पैदल तथा वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा। पिछले एक साल से शुरू हुए एशिया से चौथे पुल के मार्ग तक लोगों को सड़क तो मिल गई, लेकिन बहुत ही बेतरतीब सी थी।
बीच में डिवाइडर तो बनाया गया, लेकिन साइडों से सड़क किनारे फुटपाथ नहीं बनाए गए, जिस कारण अधिकतर बार रात के समय गुजरने पर लोगों को काफी परेशानी होती थी। कई बार वाहन टेढ़ी-मेढ़ी सड़क होने के कारण दुघर्टना ग्रस्त हो जाते थे।
परंतु अब सड़क किनारे पर फुटपाथ बनाने का काम किया जा रहा है। इससे लोगों को सड़क से गुजरने में आसानी होती है और दिशा अच्छे से पता चलती है। एशिया से गुजरने वाले वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।