एचपी फ्यूचर कार्यक्रम: रट्टामार पढ़ाई को अलविदा, अब समझ पर होगा जोर, पहला पायलट चरण पूरा
सरकारी स्कूलों में अब रटने की प्रवृत्ति खत्म कर विद्यार्थियों की समझ और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर दिया जाएगा।
विस्तार
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में अब रटने की प्रवृत्ति खत्म कर विद्यार्थियों की समझ और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत समग्र शिक्षा ने यूनेस्को के सहयोग से एचपी फ्यूचर कार्यक्रम का पहला पायलट चरण पूरा कर लिया है। अगस्त से नवंबर तक तीन चरणों में चले इस प्रशिक्षण में छह पीएम श्री स्कूलों के 18 शिक्षकों ने दक्षता आधारित शिक्षा की बारीकियां सीखीं। सोलन, सिरमौर, किन्नौर, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के इन शिक्षकों की तीसरी व अंतिम तीन दिवसीय कार्यशाला शिमला में हुई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में सोचने, समझने और ज्ञान को वास्तविक जीवन में इस्तेमाल करने की क्षमता विकसित करना है। इसके तहत शिक्षकों को आलोचनात्मक चिंतन, संवाद, सहयोग, रचनात्मकता और समस्या समाधान जैसे कौशलों की जानकारी दी गई। पहले चरण में 21वीं सदी के कौशलों से अवगत कराया गया। दूसरे चरण में पाठ्यपुस्तकों के आधार पर पाठ योजना और शिक्षण गतिविधियां तैयार करना सिखाया गया, जबकि तीसरे चरण में मूल्यांकन के नए तरीकों पर मंथन हुआ।
कक्षाओं में जाकर देखा पढ़ाने का तरीका
प्रत्येक कार्यशाला के बाद शिक्षकों की कक्षाओं का अवलोकन भी किया गया, ताकि उन्हें शिक्षण शैली सुधारने के अवसर मिल सकें। इससे मिले सुझावों को अगली कार्यशाला में शामिल किया गया। प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटीज के जरिए शिक्षक आपसी अनुभव भी साझा कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न की प्रोफेसर एस्थर केयर ने शिक्षकों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों के नजरिए से पढ़ाई को समझने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
दिसंबर से अन्य स्कूलों में भी शुरू होगा प्रशिक्षण
पहले समूह का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब दिसंबर से प्रदेश के अन्य पीएम श्री स्कूलों में भी यही मॉडल लागू होगा। हिमाचल में कुल 199 पीएम श्री स्कूल हैं। पहले चरण के अनुभवों के आधार पर प्रशिक्षण सामग्री को और बेहतर बनाया जाएगा।
