Himachal Weather: बादल फटने से दो पंचायतों में भारी तबाही, चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से किशोरी की मौत
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की ब्रांदली खड्ड में बादल फटने से नरैण और पलजारा पंचायतों में भारी नुकसान हुआ है जबकि चंबा के भरमौर में चलती कार पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की ब्रांदली खड्ड में बादल फटने से नरैण और पलजारा पंचायतों में भारी नुकसान हुआ है जबकि चंबा जिले के भरमौर में चलती कार पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से उसमें सवार 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। सोमवार को राजधानी शिमला सहित कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना और सिरमौर में भी बारिश हुई। इससे तापमान में आठ डिग्री तक की गिरावट आई। मैदानी क्षेत्रों में दोपहर बाद उमस बढ़ गई। रामपुर की ब्रांदली खड्ड में रविवार देर रात बादल फटने से आई बाढ़ ने खेल मैदान, श्मशानघाट, पैदल पुल, क्रेटवॉल समेत संपर्क सड़कों को नुकसान पहुंचाया। पेई, गिंच्छा और शिंगराल गांवों का सड़क संपर्क कट गया है। बाढ़ के साथ आया मलबा खेतों में भर गया है। दरकाली पंचायत में भारी बारिश से करीब एक किमी सड़क की टारिंग उखड़ गई। वहीं, जगोती के पास सुबह सड़क बंद रही।
बन्नी माता मंदिर से लौट रहे लोगों की कार पर गिरे पत्थर
चंबा जिले के भरमौर में बन्नी माता मंदिर से लौट रहे लोगों की कार पर ढकोग के पास पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिर गया। हादसे में नड्डी (धर्मशाला) की 14 वर्षीय दीक्षिता की मौत हो गई। सलूणी के सिंदला गांव में मलबा गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है, हालांकि परिवार सुरक्षित बच गया। चुराह क्षेत्र में पंगोला नाले में मलबा आने से चंबा-तीसा और नकरोड़-थल्ली सड़क करीब 12 घंटे तक बंद रहीं। डलहौजी क्षेत्र में 14 ट्रांसफार्मर ठप होने से करीब 70 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में आठ घंटे हुई बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बारिश के चलते अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल और ऑपरेशन थियेटर में पानी का रिसाव होने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। जोगिंद्रनगर में 20 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया और खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुईं। हराबाग में एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक घायल हुआ है।

चार जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। कुल्लू के सैंज क्षेत्र में पागलनाला उफान पर आने से लारजी-सैंज-न्यूली सड़क घंटों बाधित रही। रोहतांग दर्रा और ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। बारिश के चलते गगल एयरपोर्ट पर आने वाली कुछ उड़ानें भी देरी से पहुंचीं। मंगलवार को प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। बिलासपुर और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 8 से 10 जुलाई के दौरान भी मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा में बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 12 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।
कहां कितनी बारिश(मिलीमीटर में)
कांगड़ा 80
धर्मशाला 31
सुंदरनगर 31
शिमला 17
नाहन 15
मनाली 13
सोलन 9
अधिकतम तापमान
नेरी 32.6
बिलासपुर 32.5
कांगड़ा 31.8
ऊना 31.6
चंबा 30.6
नाहन 29.7
सोलन 29.0
धर्मशाला 29.0
मंडी 28.6
शिमला 22.6
मनाली 22.5
कल्पा 23.1
कई बांध लबालब, पानी छोड़ने का अलर्ट
पंडोह डैम से 20 हजार क्यूसिक पानी छोड़ने का अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, शानन, बस्सी, मलाणा, पार्वती-दो, एनएचपीसी की 520 मेगावाट जलविद्युत परियोजना, हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के 100 मेगावाट के प्रोजेक्ट, एडी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट से भी पानी छोड़ने का अलर्ट जारी हुआ है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.