राजस्थान: 28 साल बाद सिपाही की बर्खास्तगी रद्द, हाईकोर्ट ने सरकार को 20 लाख मुआवजा देने का दिया आदेश
राजस्थान हाईकोर्ट ने नागौर पुलिस के पूर्व सिपाही शैताना राम की 1998 में हुई बर्खास्तगी को रद्द कर दिया है। अदालत ने एक ही आदेश में 56 दिनों की अनुपस्थिति को असाधारण अवकाश के रूप में नियमित करने और उसी आधार पर बर्खास्तगी को गलत माना।
विस्तार
राजस्थान उच्च न्यायालय ने नागौर पुलिस के बर्खास्त सिपाही शैताना राम को बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने उनकी बर्खास्तगी का आदेश रद्द करते हुए राज्य सरकार को तीन महीने के भीतर 20 लाख रुपये का एकमुश्त मुआवजा देने का निर्देश दिया है। तय समय में भुगतान नहीं करने पर सरकार को छह प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।
जस्टिस विनीत कुमार माथुर और जस्टिस संदीप शाह की खंडपीठ ने 7 जनवरी 1998 को जारी बर्खास्तगी आदेश को दोषपूर्ण माना। अदालत ने कहा कि एक ही आदेश में कर्मचारी की अनुपस्थिति को बिना वेतन वाले असाधारण अवकाश के रूप में मंजूर कर नियमित करना और फिर उसी अवधि के आधार पर उसे सेवा से बर्खास्त करना न्यायसंगत नहीं है।
एक ही आदेश में अवकाश भी मंजूर और बर्खास्तगी भी
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि जब किसी कर्मचारी की अनुपस्थिति को अवकाश के रूप में नियमित कर दिया जाता है, तो उसी अवधि को कदाचार का आधार नहीं बनाया जा सकता। अदालत ने इसी आधार पर शैताना राम की बर्खास्तगी के आदेश को निरस्त कर दिया।
भाई की हत्या के मामले में गिरफ्तार हुए थे शैताना राम
शैताना राम वर्ष 1990 में नागौर पुलिस में सिपाही के पद पर नियुक्त हुए थे। वह 19 फरवरी 1996 को बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित हो गए थे। इसी दौरान 1 मार्च 1996 को उनके गांव में उनके भाई बस्ती राम की हत्या हो गई। इस मामले में शैताना राम को 15 अप्रैल 1996 को गिरफ्तार किया गया था। बाद में विचारण अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए उन्हें बरी कर दिया था।
विभागीय जांच में अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने माना था कि 15 अप्रैल 1996 के बाद जेल में रहने के कारण उनकी अनुपस्थिति जानबूझकर नहीं थी। हालांकि, इससे पहले के 56 दिनों की अनुपस्थिति को आधार बनाकर 7 जनवरी 1998 को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। खास बात यह थी कि इसी आदेश में इन 56 दिनों को असाधारण अवकाश के रूप में नियमित भी किया गया था।
बहाली व्यावहारिक नहीं, इसलिए 20 लाख रुपये मुआवजा
बर्खास्तगी के खिलाफ शैताना राम ने पहले हाईकोर्ट की एकल पीठ में याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने खंडपीठ में अपील की। खंडपीठ ने कहा कि शैताना राम 28 साल से अधिक समय से पुलिस बल से बाहर हैं। इतने लंबे समय बाद उन्हें सेवा में बहाल करना व्यावहारिक नहीं होगा। इसलिए अदालत ने बहाली के बजाय 20 लाख रुपये का एकमुश्त मुआवजा देने का आदेश दिया। सरकार को तीन महीने के भीतर यह राशि चुकानी होगी। देरी होने पर छह प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना पड़ेगा।
