{"_id":"6b043d9b92ece931ad0fc570","slug":"kirodi-meena-cites-haryana-model-amid-bjp-s-rajasthan-poll-setback-2026-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान भाजपा में घमासान: किरोड़ी लाल के बयान से सियासी हलचल, हरियाणा की बात कहकर बहुत कुछ बोल गए कृषि मंत्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान भाजपा में घमासान: किरोड़ी लाल के बयान से सियासी हलचल, हरियाणा की बात कहकर बहुत कुछ बोल गए कृषि मंत्री
Mon, 23 Nov 2026 06:50 PM IST
सौरभ भट्ट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: सौरभ भट्ट
Updated Mon, 23 Nov 2026 06:50 PM IST
सार
राजस्थान पंचायत चुनाव में करारी हार के बाद बीजेपी में घमासान छिड़ता नजर आ रहा है। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने आज प्रदेश कार्यालय में बयान दिया कि हरियाणा में खट्टर को हटाया तो भाजपा ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की।
विज्ञापन
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का बयान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान में पंचायत चुनावों में मिली करारी हार के बाद बीजेपी में घमासान छिड़ता नजर आ रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता हार के कारणों पर मंथन किए जाने की बात कह रहे हैं। इसी बीच सोमवार को कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचकर ऐसा बयान दिया कि सियासत में भूचाल आ गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया और इसके बाद भाजपा ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को राजस्थान में बीजेपी की हार से जोड़कर देखा जाने लगा है।
विज्ञापन
किरोड़ी सोमवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। यहां मीडिया से बातचीत में उनसे कांग्रेस की ओर से पंचायत चुनाव के नतीजों को 2028 के विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट बताए जाने पर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा मानकर गलती कर रही है। उन्होंने कहा- हरियाणा में भी खट्टर साहब को हटाया... नायब साहब को बैठाया और प्रचंड बहुमत से बीजेपी आ गई।
विज्ञापन
किरोड़ी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राजस्थान में पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा संगठन और सरकार के स्तर पर बदलावों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि उन्होंने राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बदलने की कोई सीधी मांग नहीं की और न ही उनके नेतृत्व पर सवाल उठाया, लेकिन हरियाणा का उदाहरण देकर उन्होंने नेतृत्व परिवर्तन के राजनीतिक विकल्प की ओर ध्यान जरूर खींचा है।
विज्ञापन
हरियाणा में खट्टर की जगह सैनी को बनाया था मुख्यमंत्री
किरोड़ी ने मार्च 2024 में हरियाणा में हुए नेतृत्व परिवर्तन का जिक्र किया। उस समय भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था। इसके करीब सात महीने बाद अक्तूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। पार्टी ने 90 में से 48 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद किरोड़ी का यह उदाहरण इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से हार के कारणों की समीक्षा की जा रही है। संगठनात्मक बदलाव और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हैं।
यह भी पढें- राजस्थान: पंचायतों में क्यों बेपटरी हुआ डबल इंजन ? बीजेपी की हार पर दिल्ली ने तलब की रिपोर्ट
लोकसभा चुनाव के बाद इस्तीफा देकर चर्चा में आए थे किरोड़ी
किरोड़ी लाल मीणा पहले भी अपने बयानों और पार्टी के भीतर उठाए गए मुद्दों को लेकर चर्चा में रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी राजस्थान की कई सीटों पर भाजपा की हार के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी नेतृत्व ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। बाद में पार्टी के निर्देश पर उन्होंने फिर से मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
कटारिया बोले- जनता नाराज है तो हमारे काम में कमी है
पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर सिर्फ किरोड़ी ने ही सवाल नहीं उठाए हैं। पंजाब के राज्यपाल और राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया ने भी पार्टी को आत्ममंथन की सलाह दी है। चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में कटारिया ने कहा कि पार्टी को चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिलने के कारणों की गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए और कमियों को दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की सेवा के लिए है। यदि जनता उससे खुश नहीं है तो इसका मतलब है कि उसके काम में कहीं न कहीं कमी रह गई है।
शेखावत ने भी माना, डबल इंजन सरकार के बावजूद नहीं मिले अपेक्षित नतीजे
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को अपेक्षा के अनुरूप नहीं माना। रविवार को जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजय कुमार से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी हर स्तर पर चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगी।
शेखावत ने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि सरकारी योजनाओं को लागू करने में कहां कमी रही और उनका लाभ जनता तक पहुंचाने या योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने में क्या चूक हुई। उन्होंने माना कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिलना समीक्षा का विषय है।
इस तरह पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा के तीन वरिष्ठ नेताओं के बयान सामने आए हैं। किरोड़ी ने हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन का उदाहरण दिया, कटारिया ने जनता की नाराजगी को कामकाज की कमी से जोड़ा और शेखावत ने सरकार तथा संगठन के स्तर पर समीक्षा की जरूरत बताई।
