राजस्थान: हार्ट का ऑपरेशन सफल हुआ तो भगवान सांवलिया सेठ को चढ़ाया सोने का दिल, कीमत 3 लाख से ज्यादा
दिल की बीमारी से जूझने के बाद सफल ऑपरेशन होने पर जालौर जिले के एक श्रद्धालु ने भगवान सांवलिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल भेंट किया। इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
विस्तार
दिल की बीमारी से जूझने और सफल ऑपरेशन के बाद जालौर जिले के एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान सांवलिया सेठ को सोने से बना दिल भेंट किया। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में चढ़ाई गई इस अनोखी भेंट का वजन 21 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
ऑपरेशन सफल होने पर पूरा किया वादा
जानकारी के अनुसार, जालौर जिले के रहने वाले श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी के इलाज के दौरान भगवान सांवलिया सेठ से स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने मनोकामना पूरी होने पर भगवान को सोने से बना दिल अर्पित करने का वादा किया था। इलाज और ऑपरेशन सफल होने के बाद श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी करने के लिए सांवलियाजी मंदिर पहुंचा और भगवान को सोने का हृदय भेंट किया।
21 ग्राम सोने से तैयार किया गया दिल
श्रद्धालु ने सोने से बना दिल मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में जमा कराया और मंदिर मंडल से इसकी रसीद भी प्राप्त की। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस हृदय के मॉडल का वजन 21 ग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। आमतौर पर श्रद्धालु मंदिरों में सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार और अन्य कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं, लेकिन हार्ट के सफल ऑपरेशन के बाद दिल के आकार का सोने का मॉडल चढ़ाना अलग तरह की श्रद्धा का उदाहरण है। भगवान सांवलिया सेठ के प्रति आस्था जताने का यह अनोखा तरीका अब श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।