एमपी: शाजापुर में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले पत्थर और लाठियां; 26 घायल
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के टपका बसंतपुर गांव में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पथराव और लाठी-डंडों से हमले में 26 लोग घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 39 लोगों पर केस दर्ज किया।
विस्तार
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में रविवार को कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया और लाठियों से हमला किया। घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। झड़प में 26 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 39 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुजालपुर शहर से करीब 12 किलोमीटर और जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर टपका बसंतपुर गांव में रविवार सुबह हुई। विवाद की शुरुआत तब हुई, जब इलियास अली अपने पिता की कब्र पर दुआ करने पहुंचे। इसी दौरान दिलशाद नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पढे़ं: सीहोर: जहां पशुओं की खुशहाली के लिए दूध की नदी बहा देते हैं किसान, सदियों पुरानी आस्था आज भी कायम
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद दोनों ओर से पथराव और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। इस दौरान गोली चलने जैसी आवाजें भी सुनाई दीं।
शुजालपुर के एसडीओपी निमिष देशमुख ने बताया कि झड़प में कुल 26 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक पक्ष के 11 और दूसरे पक्ष के 15 लोग शामिल हैं। पुलिस के बड़े दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एसडीओपी ने बताया कि शुजालपुर सिटी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कुल 39 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
