इंदौरः सबसे स्वच्छ शहर में सांस लेना मुश्किल, सुबह तक छाए रहे धुएं के गुबार, खतरनाक स्तर पर पहुंचा एक्यूआई
इंदौर में दिवाली की रात हुई भारी आतिशबाजी के कारण हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। पूरा शहर धुंध और जहरीले धुएं की लपेट में आ गया है, जिससे लोगों को सांस लेने और आंखों में जलन की परेशानी हो रही है। प्रशासन सफाई और जल छिड़काव में जुटा है।
विस्तार
दिवाली पर इंदौर में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया। 8 नवंबर की रात 12 बजे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1331 दर्ज किया गया। इसे 'हैजार्डस' यानी बेहद खतरनाक श्रेणी में रखा गया है। इस दौरान PM2.5 का स्तर 743 और PM10 का स्तर 900 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ। इस दौरान दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में इंदौर 11वें नंबर पर रहा।
सुबह की सैर पर निकले लोग हुए परेशान
दिवाली की रात से सुबह तक हवा में PM2.5 और PM10 कणों का स्तर सामान्य से कई गुना अधिक दर्ज किया गया। सुबह की सैर पर निकले लोगों और बुजुर्गों ने आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। धुंध के कारण सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता काफी कम रही, जिससे वाहन चालकों को भी भारी परेशानी हुई।
पर्यावरणविदों ने जाहिर की चिंता
शहर के पर्यावरणविदों का कहना है कि लगातार पटाखों के इस्तेमाल से न केवल वायु प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि ध्वनि प्रदूषण और कचरे की समस्या भी गंभीर रूप ले लेती है। स्थानीय पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि इंदौर स्वच्छता में हमेशा मिसाल कायम करता है, लेकिन त्योहारों के दौरान अत्यधिक पटाखे फोड़ने से पर्यावरण पर भारी असर पड़ता है। नागरिकों को अब पर्यावरण-अनुकूल उत्सव मनाने की ओर कदम बढ़ाना होगा।
सुबह से जुटा प्रशासन
नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की टीमें सुबह से ही सड़कों पर फैले पटाखों के मलबे की सफाई और सड़कों पर पानी के छिड़काव में जुट गई हैं ताकि धूल और जहरीले कणों को वातावरण में जमने से रोका जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आने वाले दिनों में संवेदनशील क्षेत्रों में मास्क का प्रयोग करें और श्वसन संबंधी समस्या महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।
