यूपी: एक लाख में करोड़ों की जमीन का सौदा, फिर दबंगई से कब्जा; वकीलों के सिंडिकेट के दस्तावेज सामने आए
लखनऊ जिला अदालत परिसर में अधिवक्ताओं से मारपीट के आरोपियों के जमीन कब्जाने के खेल का खुलासा हुआ है। आरोप है कि तीन वकील विवादित जमीनों का एक लाख रुपये में एग्रीमेंट कराते, फिर दबंगई से कब्जा करते थे। अब तक ऐसे एक दर्जन से अधिक मामलों में उनका संबंध सामने आया है।
विस्तार
अपराधी प्रवृत्ति के वकील सिंडिकेट बनाकर काम करते थे। विवादित जमीनों का सौदा करते थे। एक पक्ष से एक-सवा लाख रुपये में एग्रीमेंट टू सेल करते थे। फिर दबंगई से उस जमीन पर कब्जा करते थे। मोटी रकम मिलने पर एग्रीमेंट करने वाले पक्ष को जमीन वापस कर देते थे।
अगर रकम अधिक नहीं मिलती थी तो जमीन को खुद ही अपने नाम करवाकर दूसरों को बेच देते थे। इस तरह से जमीन के खेल से करोड़ों का खेल कर रहे थे। अब जब कोर्ट ने आरोपी तीन वकीलों पर शिकंजा कसा, तब उनके कारनामे सामने आ रहे हैं।
कोर्ट परिसर में मारपीट के मामले में वकील सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश और अभय प्रताप वर्मा जेल भेजे गए थे। हाईकोर्ट इन वकीलों समेत तमाम अन्य आपराधिक वकीलों का आपराधिक इतिहास और संपत्तियों को देखकर हैरानी जता चुका है। अमर उजाला को भी इस सिंडिकेट से संबंधित कुछ दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिसमें इनके जमीन के खेल का राजफाश हुआ है। पीड़ित भी अब सामने आ रहे हैं।
दरअसल आरोपी ऐसी जमीनों की तलाश करते थे, जिनका कुछ न कुछ विवाद होता था। फिर वह एक पक्ष से एक-सवा लाख रुपये में एग्रीमेंट टू सेल करवा लेते थे। इसमें दो तरह की डील करते थे। एक में दूसरे पक्ष से जमीन छुड़वाकर पहले वाले पक्ष को कब्जा करवा देते थे।
इसके लिए एकमुश्त रकम वसूलते थे। वहीं, इसके अलावा कुछ मामलों में जिस पक्ष से एग्रीमेंट करते थे, उसको वह खुद मामूली रकम लेकर जमीन अपने नाम करवा लेते थे। फिर उस जमीन की बिक्री खुद करते थे। इसमें करोड़ों रुपये कमाते थे।
5100 स्क्वॉयर फीट जमीन, एक लाख में डील
तहसील से मिले दस्तावेजों के मुताबिक रामबहादुर नाम के शख्स की 5100 स्क्वॉयर फीट जमीन का मामला तहसील में चल रहा था। तहसीलदार कोर्ट से उसका वाद खारिज हो गया था। उसके बाद रामबहादुर ने एक लाख रुपये में सौरभ वर्मा को एग्रीमेंट टू सेल कर दिया।
ये डील सौरभ के जेल जाने से कुछ दिन पहले 18 जुलाई को की गई थी। अब सौरभ और उसके साथी इस जमीन पर कब्जा करते, लेकिन उसके पहले ही उन पर कार्रवाई हो गई। इस जमीन की कीमत करोड़ों में है। एग्रीमेंट संबंधी दस्तावेज अमर उजाला के पास हैं। इसी तरह से पूरा खेल चल रहा था।
एक दर्जन से अधिक मामलों का खुलासा
अब तक सौरभ और उसके साथियों का कनेक्शन इस तरह के एक दर्जन से अधिक मामलों में सामने आ चुका है। कुछ ऐसे एग्रीमेंट हैं, जिनमें अवैध तरीके से कब्जा किया जा चुका था। इससे सिंडिकेट के खेल का अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह किस पैमाने पर करोड़ों की बेशकीमती जमीनों को कब्जाने व अवैध तरीके से बेचने में शामिल थे।
करीबी होते थे गवाह
सिंडिकेट पूरी साजिश के तहत कब्जे का खेल करता था। इसमें जो गवाह होते थे वह भी इनके ही करीबी रहते थे। अधिकतर वकील ही होते थे। रामबहाुदर से किए गए एग्रीमेंट में अभय प्रताप भी गवाह है। ये इसलिए करते थे जिससे भविष्य में किसी तरह की दिक्कत न हो और कोई दबाव भी न बना सके। उधर
