जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट: सीमाओं से शहरों तक मुस्तैद जवान, सियाचिन से जम्मू तक सुरक्षा चाक-चौबंद
दिवाली के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कठुआ-सांबा से राजोरी-पुंछ और कश्मीर घाटी तक सुरक्षा एजेंसियों ने गश्त, नाकेबंदी और निगरानी बढ़ा दी है।
विस्तार
दिवाली के त्योहार को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे कठुआ, सांबा और जम्मू से लेकर नियंत्रण रेखा (एलओसी) के राजोरी-पुंछ तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ सुरक्षा ग्रिड मजबूत किया गया है।
वहीं, कश्मीर घाटी में पुलिस, एसओजी और अन्य सुरक्षा बलों ने बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है। इस बीच उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने दिवाली की पूर्व संध्या पर सियाचिन ग्लेशियर पहुंचकर अग्रिम चौकियों पर तैनात जवानों से मुलाकात की और उन्हें सतर्क रहने के निर्देश दिए।जम्मू संभाग के सीमावर्ती जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। आईजीपी और डीआईजी स्तर के अधिकारी पुलिस थानों, नाकों और सुरक्षा चौकियों का निरीक्षण कर रहे हैं। जवानों की तैयारियों और रात्रि गश्त की भी समीक्षा की जा रही है।
शहरों से हाईवे तक पुलिस की निगरानी
कश्मीर घाटी में श्रीनगर सहित संवेदनशील इलाकों में विशेष नाके और चेकपॉइंट स्थापित किए गए हैं। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एसओजी और सुरक्षाबल वाहनों की जांच कर रहे हैं। यात्रियों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ क्विक रिस्पॉन्स टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।
जम्मू शहर में गांधीनगर, शास्त्री नगर और नानक नगर सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस ने पैदल मार्च किया। इससे पहले शुक्रवार को आईजीपी जम्मू जोन तेजिंदर सिंह ने भी सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। उन्होंने जवानों को दिवाली तक अतिरिक्त सतर्कता बरतने और डायल 112 की टीमों को गली-मोहल्लों में गश्त करने के निर्देश दिए थे।जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से औचक नाके लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। मालवाहक वाहनों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कमांडर ने जवानों को अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश
उधर, उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने सियाचिन ग्लेशियर में तैनात सैनिकों से मुलाकात कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्कदेश भी दिए। साथ ही दुर्गम और विषम मौसमी परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। सेना ने इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सैनिकों का संकल्प हजारों रोशनियों से अधिक चमकता है।