लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की इथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए इसकी व्यापक समीक्षा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति कुछ चुनिंदा निजी हितों को लाभ पहुंचाने वाली है और इससे किसान, पशुपालक तथा करोड़ों वाहन मालिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस नीति से जुड़े सभी हितों और लाभार्थियों का सार्वजनिक खुलासा करे तथा निष्पक्ष जांच कराए। सुनील सिंह ने दावा किया कि इथेनॉल आधारित फसलों को बढ़ावा देने से खाद्यान्न सुरक्षा, भूजल और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मक्का की खपत बढ़ने से पशु चारे की कीमतें बढ़ रही हैं, जबकि ई-20 पेट्रोल से वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लोकदल अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते नीति की समीक्षा नहीं की तो किसानों, पशुपालकों और वाहन मालिकों के साथ मिलकर देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।