चिनहट ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संस्था पवित्रा ईसीओ और एलिस महिला प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को माहवारी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। संस्था की प्रतिनिधि श्रुति शर्मा ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन के उपयोग को बढ़ावा देने और प्लास्टिक मुक्त, पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों और आत्मनिर्भर बनने से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। सहभागी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।