बलिया। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर नाबालिग बेटी को ठंडे पेय में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर दो वर्षों तक ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक का उनके घर पर अक्सर आना-जाना था। आरोप है कि उसने स्कूल जा रही नाबालिग बेटी को रास्ते में छोड़ने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाया और ठंडे पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी जैसी हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व फोटो खींच लिए। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पिछले दो वर्षों से बेटी का लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो डिलीट करने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की। काफी मिन्नत के बाद 25 हजार रुपये लेने के बावजूद उसने अश्लील वीडियो कई लोगों के पास वायरल कर दिए। विरोध करने पर आरोपी द्वारा पीड़िता की हत्या की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने कहा कि मामले की जांच उपरांत विधिक कार्रवाई की जा रही है।