लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखते हुए भाजपा इस बार सीटों के बंटवारे में सावधानी बरत रही है। पार्टी सहयोगियों को उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका देगी, जहां उनकी जीत की संभावना अधिक होगी। कांटे की टक्कर वाली सीटों पर भाजपा अपनी रणनीति के तहत उम्मीदवार उतार सकती है।
जरूरत पड़ने पर सहयोगी दल के प्रत्याशी को भाजपा के चुनाव चिह्न पर भी मैदान में उतारा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर में सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी है।
दिसंबर से भाजपा के दिग्गज नेता मथेंगे यूपी
भाजपा कोर कमेटी की सोमवार को आयोजित बैठक में अगले माह से पार्टी के दिग्गज नेताओं के यूपी दौरे को लेकर रणनीति तय की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मतदाताओं को जोड़ने वाले अभियान की समीक्षा भी की और इसे सफल बनाने को लेकर मंथन किया।
बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी समेत तमाम दिग्गज नेता दिसंबर से प्रदेश में प्रचार अभियान शुरू करेंगे। उनके कार्यक्रम भी जल्द जारी होने वाले हैं। इससे पहले कोर कमेटी की बैठक में इसकी तैयारियों को लेकर मंथन किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के एसएसआर अभियान में अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ने के बाद अब चुनावी तैयारियों में जुटना है। जब तक छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़ने हैं, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जुटे रहना है।
पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूची पर भी नजर बनाए रखनी है। चुनावी कार्यक्रमों को भी सफल बनाना है ताकि पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके। खासकर जिन सीटों पर पिछले चुनाव में भाजपा को सफलता नहीं मिली थी, वहां खास फोकस करना है। लोकसभा चुनाव में भी पार्टी को जिन सीटों पर नुकसान हुआ, उसे भी अपने एजेंडे में शामिल करते हुए जीत सुनिश्चित करने की कवायद करना आवश्यक है।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी को सभी वर्गों को अपने साथ जोड़कर बहुमत हासिल करने के लिए परिश्रम करना होगा। जिन विधायकों की परफॉर्मेंस अच्छी नहीं रही है, उनके बारे में केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहीं सहयोगी दलों को भी उचित प्रतिनिधित्व के लिए नेतृत्व द्वारा फैसला लिया जाएगा।
इसके अलावा युवाओं और महिलाओं को साधने की रणनीति भी बनाई गई जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की उनको लेकर संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। उसे यह भरोसा भी दिलाया जाए कि भाजपा ही उनके हित की बात करती है। विपक्ष के एजेंडे में फंसने के बजाय वह भाजपा के साथ जुड़ें।
चौपालों का करें आयोजन
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी सांसदों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की जिसमें गांव-गांव में चौपाल लगाने के बारे में निर्देश दिए गए। उन्हाेंने विधायकों को 5 दिसंबर तक अपनी विधानसभा में 50 और सांसदों को लोकसभा क्षेत्र में 10 चौपाल करने का लक्ष्य दिया। साथ ही जिन सीटों पर भाजपा के विधायक नहीं हैं अथवा पार्टी कमजोर स्थिति में है, वहां राज्यसभा सांसद और विधान परिषद सदस्य चौपाल का आयोजन करेंगे। इसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।