शेष तदर्थ शिक्षक जो 2000 से पहले और 2000 के बाद भर्ती हुए थे, उनकी सेवा 09 नवंबर 2023 को समाप्त कर दी गईं। उस समय तदर्थ शिक्षकों ने इसका विरोध किया। आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के विरोध में लंबे समय तक धरना-प्रदर्शन भी किया। फिर 08 जुलाई 2024 को इन तदर्थ शिक्षकों को मानदेय पर रखने का निर्णय लिया गया।
एलटी ग्रेड शिक्षकों को 25 हजार रुपये मासिक और लेक्चरर को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय पर रखा गया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में मनोज कुमार सिंह व अन्य तथा 189 संबद्ध अन्य रिट याचिकाओं पर 24 अगस्त 2026 को जारी आदेश का अनुपालन कराने का शासनादेश जारी किया गया है। इसका असर लगभग 800 तदर्थ शिक्षकों पर पड़ेगा।
अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि एडेड माध्यमिक विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की नई भर्ती होने तक तदर्थ शिक्षकों को पहले की तरह ही पूरा वेतन मिलेगा। चयनित अभ्यर्थी आते ही इनकी सेवाएं स्वत: ही समाप्त मानी जाएंगी। यही नहीं इन शिक्षकों द्वारा की गई सेवा की गणना पेंशन के लिए अर्हकारी सेवा के रूप में नहीं की जाएगी। तदर्थ शिक्षकों का भुगतान केवल उनके द्वारा किए गए वास्तविक कार्य के आधार पर किया जाएगा।
कार्य सत्यापन का पूरा उत्तरादायित्व डीआईओएस का होगा। तदर्थ शिक्षकों की निरंतरता उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग से नियमित चयनित शिक्षकों तक ही होगी। उसके बाद इनकी सेवाएं स्वत: समाप्त कर दी जाएंगी। उप्र माध्यमिक तदर्थ शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार इससे शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। इससे अभी मिल रहे मानदेय से दोगुने से अधिक हर महीने उन्हें वेतन पहले की तरह ही मिलने लगेगा। यही नहीं नौ नवंबर 2023 से ही उनकी सेवा की निरंतरता होगी। उन्हें पिछले तीन वर्षों का बकाया भी मिल सकता है।