लखनऊ के गोसाईंगंज में सोमवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गुडंबा की शिवपुरी कॉलोनी निवासी एलएलबी छात्र नीतीश शर्मा (23) और उनके दोस्त महानगर के जेपीसी कैंपस में रहने वाले अनुज पाल (23) की मौके पर ही मौत हो गई।
नीतीश के भाई महीप ने बताया कि नीतीश शनिवार शाम बाइक से पटना परीक्षा देने जाना चाहता था। उन्होंने उसे ट्रेन से जाने के लिए कहा था, पर वह नहीं माना। नीतीश के कहने पर अनुज ने अपनी मां रीता से दफ्तर के काम से लखीमपुर जाने का झूठ बोला। दोनों दोस्त बाइक से पटना के लिए निकल गए। रविवार को पटना में परीक्षा देने के बाद वे नीतीश की बहन भारती के घर समस्तीपुर, बिहार चले गए। रविवार रात करीब दो बजे दोनों लखनऊ के लिए निकले। बाइक नीतीश चला रहा था। सोमवार तड़के चांद सराय गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने गोसाईंगंज पुलिस को सूचना दी।
महीप ने बताया कि पुलिस ने सुबह करीब सात बजे नीतीश के मोबाइल से उसकी बहन भारती को घटना की जानकारी दी। भारती ने तुरंत उन्हें सूचित किया। वह घरवालों के साथ गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचे। उन्होंने अनुज के घरवालों को भी हादसे की सूचना दी।
मां की बिगड़ी तबीयत, पिता सदमे में
नीतीश की मौत की जानकारी होने पर मां शोभा रानी बेहोश हो गईं। पिता विनोद सदमे में चले गए। ऐसा ही हाल पोस्टमार्टम हाउस में अनुज के पिता मुन्नालाल का भी हो गया। रोते-बिलखते उन्होंने बताया कि बेटा घर से झूठ बोलकर निकला था। यह पता होता तो वह बेटे को पटना जाने से रोक लेते।
झपकी आने पर हादसा होने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि रात भर जागने के कारण नीतीश को झपकी आ गई और हादसा हो गया। इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है।