फतेहाबाद। गांव धांगड़ निवासी 9 साल का बच्चा डेंगू पॉजिटिव मिला है। बच्चे को कई दिन से बुखार आ रहा था। हिसार में उपचार के दौरान जब जांच की गई तो वह डेंगू पॉजिटिव मिला है। हालांकि बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। डेंगू पॉजिटिव केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के रेपिड फीवर सर्वे में जिले में इस बार 2385 बुखार पीड़ित केस मिले हैं। विभाग ने इनकी ब्लड स्लाइड बनाकर जांच की तो मलेरिया पॉजिटिव केस नहीं मिला है। हालांकि जिले में अभी तक मलेरिया का कोई केस नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 1 जुलाई से लेकर 15 जुलाई तक रेपिड फीवर सर्वे चलाया गया। सर्वे के दौरान 1,94,468 घरों में जाकर टीमों को जांच का लक्ष्य दिया गया था लेकिन 1,59,727 घरों में टीम गई है। जांच के दौरान 2385 लोग बुखार पीड़ित मिले हैं।
-
फ्रिज की ट्रे और गमलों में पल रहा लारवा
स्वास्थ्य विभाग को सर्वे के दौरान 218 घरों में लारवा मिला है। टीमों को घरों में फ्रिज की ट्रे, कूलर के टैंक और गमलों में लारवा मिला है इन्हें दवाई डालकर नष्ट किया गया है। विभाग की तरफ से लारवा मिलने पर संबंधित घरों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
-
पिछले साल जिले में डेंगू और मलेरिया की स्थिति
मलेरिया केस मिले - 3
डेंगू केस मिले - 13
-
डेंगू के लक्षण
नागरिक अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा का कहना है कि बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द डेंगू के मुख्य संकेत हैं। आंखों के पीछे दर्द, लाल चकत्ते, उल्टी और मतली भी इसके लक्षणों में शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
-
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू और मलेरिया पर नियंत्रण के लिए लगातार सर्वे किया जा रहा है। जिले में डेंगू का एक केस मिला है। हालांकि बच्चे की हालत ठीक है। लोगों से अपील है कि अपने घरों के आसपास पानी एकत्रित न होने दें।
-डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ