इंदिरापुरम। चौथी मंजिल से किशोरी को धक्का देकर हत्या के आरोपी पूजा कॉलोनी निवासी शाहनवाज उर्फ शानू को कौशांबी पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस के समक्ष कबूल किया कि झगड़े के दौरान कमरे की बॉलकनी से धक्का देकर गिराकर मार दिया था। घटना के समय किशोरी की मां और बहन ने भी उसे धक्का देते हुए देखने पर वह डरकर भाग गया था। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद किशोरी का शव परिजनों को सौंप दिया और उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कौशांबी थानाक्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर 15 साल की किशोरी को चौथी मंजिल से नीचे गिरा दिया था। पीड़ित मां की शिकायत पर पूजा कॉलोनी निवासी शाहनवाज उर्फ शानू पर हत्या के प्रयास और मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान किशोरी की मौत होने पर हत्या की धारा भी जोड़ी गई। बृहस्पतिवार रात को मुखबिर की सूचना पर शानू को उसके कमरे के पास से ही गिरफ्तार किया था। वह कुछ सामान और रुपये लेने के लिए आया था।
एसीपी ने बताया कि आरोपी शाहनवाज उर्फ शानू, किशोरी को करीब एक महीने से परेशान कर रहा था। रास्ते में रोककर उस पर शादी का दबाव डालता था। एक सप्ताह पहले आरोपी ने किशोरी से मारपीट भी की थी। 15 जुलाई की शाम लगभग साढ़े सात बजे किशोरी घर से दूध लेने दुकान पर गई थी। इस दौरान ही आरोपी ने उसे रास्ते से पकड़कर कमरे पर ले गया। वहां पर विवाद के दौरान उसे धक्का देकर चौथी मंजिल से गिरा दिया था।