सूत्रों के मुताबिक, यह विवाह नई दिल्ली में विशेष विवाह अधिनियम (स्पेशल मैरिज एक्ट) के तहत संपन्न हुआ। इसके बाद नई दिल्ली और श्रीनगर में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रमों में उमर के पिता एवं नेशनल काॅन्फ्रेंस के अध्यक्ष डाॅ. फारूक अब्दुल्ला, मां मौली, तीनों बहनें और करीबी रिश्तेदार तथा निधि के माता-पिता वरिष्ठ पत्रकार एमके राजदान व सरला राजदान उपस्थित रहे।
फिल्म महोत्सव में साथ दिखे थे उमर और निधि
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में गत सितंबर के दूसरे सप्ताह में जम्मू-कश्मीर का पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव हुआ था। इसके समापन समारोह उमर और निधि साथ पहुंचे थे। तभी से चर्चा जोरों से होने लगी थी कि दोनों जल्द विवाह करने वाले हैं। महोत्सव में 50 से अधिक देशों की 1,100 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की गई थीं।
1993 में हुई थी उमर और पायल की मुलाकात
उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ की मुलाकात वर्ष 1993 में दिल्ली के ओबेरॉय होटल में हुई थी। उस समय उमर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम कर रहे थे, जबकि पायल भी उसी होटल में कार्यरत थीं। दोस्ती के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया और वर्ष 1994 में विवाह कर लिया। उस दौर में यह शादी काफी चर्चा में रही थी।
पायल के पिता रामनाथ भारतीय सेना में मेजर जनरल रह चुके हैं। वह मूल रूप से लाहौर के रहने वाले थे और देश के विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया था।
शादी के बाद राजनीति में सक्रिय हुए उमर
शादी के बाद उमर अब्दुल्ला ने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने वर्ष 1996 में विधानसभा और 1998 में लोकसभा चुनाव लड़ा। चुनावी दौर में पायल भी कई मौकों पर उनके साथ नजर आईं। बताया जाता है कि उन्होंने उमर के राजनीतिक सफर में पर्दे के पीछे रहकर भी अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस में कोई आधिकारिक पद नहीं संभाला। बाद में वह दिल्ली चली गईं और उनका अधिकांश समय वहीं बीता।
तलाक और गुजारा भत्ता बना था चर्चा का विषय
उमर अब्दुल्ला और पायल के रिश्ते में लंबे समय तक विवाद रहा। वर्ष 2011 में उमर ने सार्वजनिक रूप से दोनों के अलग होने की जानकारी दी थी। इसके बाद गुजारा भत्ते को लेकर कानूनी विवाद शुरू हुआ, जो अदालत तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने पायल के लिए 1.50 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता तय किया था। दोनों बेटों जमीर और जहीर की पढ़ाई के लिए भी 60-60 हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया था।
वर्ष 2016 के बाद दोनों बेटे पायल के साथ दिल्ली में रहने लगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उमर और पायल का वैवाहिक रिश्ता अब कानूनी रूप से समाप्त हो चुका है।
कारोबार से जुड़ी हैं पायल
पायल अब्दुल्ला कारोबारी हैं। वह दिल्ली में ट्रैवल बिजनेस से जुड़ी हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में उनका मिनरल वाटर पैकेजिंग प्लांट भी है। जम्मू-कश्मीर से लौटने के बाद वह दिल्ली में रह रही हैं।