Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   nvidia-board-chairman-rejects-jensen-huang-return-ceo-q3-earnings

एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी मुश्किल: बोर्ड के चेयरमैन ने किया साफ, कहा- ऐसा करने का कोई इरादा नहीं

Wed, 18 Nov 2026 04:33 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, वॉशिंगटन
पीटीआई, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 18 Nov 2026 04:33 AM IST
सार

एनवीडिया के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने स्पष्ट किया है कि कंपनी का बोर्ड पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग को दोबारा पद पर लाने की योजना नहीं बना रहा है। यह बयान हुआंग के उस प्रस्ताव के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बोर्ड बुलाए तो वह वापसी के लिए तैयार हैं।

विज्ञापन
nvidia-board-chairman-rejects-jensen-huang-return-ceo-q3-earnings
एनवीडिया बोर्ड ने हुआंग की वापसी से किया इनकार - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

एनवीडिया के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने कहा कि कंपनी का निदेशक मंडल पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग को दोबारा इस पद पर नियुक्त करने का इरादा नहीं रखता। उनका यह बयान हुआंग के उस बयान के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर बोर्ड उन्हें वापस बुलाता है तो वह कंपनी की कमान संभालने के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन


पिछले सप्ताह अचानक पद छोड़ने के बाद जेनसन हुआंग का यह पहला सार्वजनिक बयान था। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि अगर बोर्ड को लगता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और देश के हित में है तो वह इस जिम्मेदारी को दोबारा संभालने के लिए सम्मानित महसूस करेंगे।
विज्ञापन


जेनसन हुआंग ने मानी गलतियां 
हुआंग ने अपनी निजी जिंदगी में हुई गलतियों को गंभीर बताते हुए स्वीकार किया कि उनसे बड़ी चूक हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी वापसी को लेकर कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों की ओर से उन्हें काफी समर्थन मिला है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एनवीडिया के पूर्व सीईओ ने कहा कि वह एनवीडिया में तय मानकों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में भी गंभीर गलतियां कीं। इन गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने बोर्ड की स्वतंत्र जांच में सहयोग करने की बात कही।

मस्क और ट्रंप भी कर चुके हैं वापसी का समर्थन
हुआंग की वापसी की मांग करने वालों में टेक उद्योग की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हैं। स्पेसएक्स और टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क ने भी उनकी वापसी का समर्थन किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोमवार को कहा था कि हुआंग ने अपनी गलती से बड़ा सबक सीखा है और अगर उन्हें दोबारा जिम्मेदारी मिलती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

हुआंग ने पिछले सप्ताह एनवीडिया से इस्तीफा दिया था। रिपोर्टों के मुताबिक, यह फैसला उनके कथित विवाहेतर संबंधों से जुड़े खुलासों के बाद लिया गया। इनमें चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंध रखने वाली एक कारोबारी महिला और कंपनी में उनके अधीन काम करने वाली एक वरिष्ठ अधिकारी का नाम सामने आया था।

एनवीडिया ने कमाई के आंकड़ों में नहीं किया जिक्र
मंगलवार को जारी तीसरी तिमाही के नतीजों में एनवीडिया ने हुआंग के पद छोड़ने या उनकी संभावित वापसी का कोई जिक्र नहीं किया। विवाद के बावजूद कंपनी ने वॉल स्ट्रीट के अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया। अगस्त से अक्तूबर की तिमाही में एनवीडिया का राजस्व 116 अरब डॉलर से अधिक रहा, जो एक साल पहले की तुलना में दोगुना है। कंपनी ने प्रति शेयर 2.70 डॉलर का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जबकि बाजार का अनुमान 2.48 डॉलर था।

कंपनी के डेटा सेंटर कारोबार का राजस्व दोगुने से अधिक बढ़कर 107.6 अरब डॉलर पहुंच गया। एनवीडिया ने जनवरी में समाप्त होने वाली मौजूदा तिमाही के लिए 130 अरब डॉलर के राजस्व का अनुमान भी जताया है। यह वॉल स्ट्रीट के अनुमान से अधिक है। एनवीडिया की मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया गया है। नतीजों के बाद पहली बार वह कंपनी की कमाई को लेकर निवेशकों और विश्लेषकों से बातचीत करने वाली थीं।

हुआंग की वापसी के लिए ऑनलाइन अभियान
जेनसन हुआंग की वापसी की मांग को लेकर पिछले सप्ताह शुरू की गई 'स्टैंड विद जेनसन' याचिका को समर्थन मिल रहा है। इस पर एनवीडिया के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों, निवेशकों तथा सिलिकॉन वैली से जुड़े लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। याचिका में बोर्ड से अपील की गई है कि स्वतंत्र जांच जारी रहने के दौरान हुआंग को वापस लाया जाए या फिर उनके पद छोड़ने के फैसले के पक्ष में ठोस सबूत सामने रखे जाएं।

याचिका के आयोजकों ने खुले पत्र में कहा कि उन्हें चिंता है कि हुआंग को उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना पद से हटाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि विवाद के केंद्र में रही महिला के जासूस होने के आरोपों के समर्थन में कोई सबूत उन्हें नहीं दिखाया गया है।

संसद की समितियों के सामने पेश होंगे हुआंग
इस बीच अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के प्रमुख सांसदों ने मंगलवार को बताया कि जेनसन हुआंग ने कांग्रेस की समितियों के सामने पूछताछ के लिए स्वेच्छा से पेश होने पर सहमति जताई है। हुआंग एक दिसंबर को कांग्रेस की समितियों के सामने अपना बयान दर्ज कराएंगे। इसके अगले दिन दो दिसंबर को कंपनी के जनरल काउंसल टिम टेटर की बारी होगी।

चीन और खुफिया मामलों की निगरानी करने वाली प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों के अध्यक्षों ने कहा कि वे यह जानना चाहते हैं कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित उल्लंघन में हुआंग और एनवीडिया की क्या भूमिका रही है। सांसदों ने कहा कि अमेरिकी नागरिकों को यह जवाब मिलना चाहिए कि चीन से जुड़े पक्षों तक कंपनी की अत्याधुनिक चिप कैसे पहुंचीं और इस विवाद में कथित चीनी खुफिया संपर्क रखने वाली महिला की क्या भूमिका थी।


कंपनी ने बनाई नई निगरानी समिति
विवाद के बाद एनवीडिया ने राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक व्यापार नियमों के अनुपालन की निगरानी के लिए बोर्ड की एक नई समिति बनाने की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, उसकी अत्याधुनिक चिप की मांग क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर के क्षेत्र में काफी अधिक है। ये चिप कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े सिस्टम के लिए महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, चीन को इन चिप की बिक्री पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने एनवीडिया की नई निगरानी समिति बनाने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह अच्छा कदम है और एनवीडिया एक शानदार कंपनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed