वाराणसी की प्रमुख खबरें: चार मौतों से मचा कोहराम, सब्जी मंडी में लगी आग; खाते से उड़ाए 6.85 लाख रुपये
वाराणसी में अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखकर लौट रहे बुजुर्ग की हादसे में मौत हो गई। वहीं कुएं के पास पैर फिसलने से सेवानिवृत्त लाइनमैन की मौत हुई। उधर, सिंधिया घाट पर गंगा में डूबने से बिहार के युवक की मौत हो गई। पढ़ें- जिले की अन्य खबरें...
विस्तार
अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखकर लौट रहे बुजुर्ग की हादसे में मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के बहुतरा गांव के पास बाबतपुर-जमालापुर मार्ग पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोपेड सवार हूबलाल की मौत हो गई। हूबलाल जौनपुर जिले के महेबा गोपालापुर के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, हूबलाल यादव बाबतपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार को देखकर मोपेड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बहुतरा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कुएं के पास पैर फिसलने से सेवानिवृत्त लाइनमैन की मौत
मिर्जामुराद में स्थानीय बाजार स्थित राधारमण कुटी के हनुमान मंदिर में शनिवार शाम दर्शन करने गए 70 वर्षीय रामप्रसाद राजभर की हादसे में मौत हो गई। गौर (डीह) गांव की राजभर बस्ती निवासी रामप्रसाद दर्शन के बाद मंदिर परिसर में कुएं के पास हाथ-मुंह धो रहे थे। इसी दौरान कुएं के जगत पर जमी काई पर उनका पैर फिसल गया और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रामप्रसाद बिजली विभाग में लाइनमैन पद से सेवानिवृत्त थे। वह निसंतान थे। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में है।
सिंधिया घाट पर गंगा में डूबने से बिहार युवक की मौत
चौक थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट पर शनिवार दोपहर गंगा में डूबने से बिहार के समस्तीपुर निवासी 18 वर्षीय गौतम की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने आया था। दोपहर करीब तीन बजे नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने उसे बाहर निकाला और मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गौतम के पिता का नाम मिथिलेश है। गौतम पटना में रहकर पढ़ाई करता था। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत
सिगरा थाना क्षेत्र के माधोपुर में शनिवार की सुबह प्रियंका (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके पूर्व तबीयत बिगड़ने पर उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। माधोपुर निवासी महेश की पत्नी प्रियंका की तबीयत सुबह में बिगड़ गई थी। सिगरा थान प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मायके वालों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही होगी।
सेवानिवृत्त प्रोफेसर के खाते से 6.85 लाख रुपये उड़ाए, पांच दिन में कई बार निकाली रकम
शिवपुर थाना क्षेत्र के तुलसी बिहार कॉलोनी निवासी उदय प्रताप कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. महेंद्र नाथ सिंह साइबर ठगी के शिकार हो गए। जालसाजों ने उनके इंडियन बैंक खाते से 6,85,530 रुपये निकाल लिए। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. महेंद्र नाथ सिंह का खाता इंडियन बैंक की यूपी कॉलेज कैंपस शाखा में है। आरोप है कि 13 से 17 अक्टूबर के बीच साइबर जालसाजों ने अलग-अलग किस्तों में खाते से रकम निकाल ली। इस दौरान उन्हें कोई पूर्व सूचना या ट्रांजेक्शन का मैसेज नहीं मिला। 14 अक्टूबर को बैंक पहुंचकर पासबुक प्रिंट कराने पर खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। शिवपुर थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।
31.553 किलो प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामदगी में दो आरोपियों को जमानत
प्रतिबंधित चीनी मांझे की खरीद-बिक्री और भंडारण के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को अदालत से राहत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम) ईश्वर शरण कन्नौजिया की अदालत ने अंबियामंडी निवासी शकील अहमद और जुल्फीकार अहमद को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र प्रस्तुत करने पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 11 अक्तूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान आदमपुर मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की थी। इस दौरान दोनों आरोपियों को पकड़कर तलाशी ली गई। पुलिस ने जुल्फीकार अहमद के पास से 9.288 किलोग्राम और शकील अहमद के कब्जे से 22.265 किलोग्राम प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद किया था। कुल बरामदगी 31.553 किलोग्राम थी। पूछताछ में दोनों के चीनी मांझे की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात सामने आने का दावा किया गया था।
राजातालाब सब्जी मंडी में लगी आग, पांच दुकानों की सब्जियां जलकर राख
हाईवे किनारे स्थित राजातालाब सब्जी मंडी में शुक्रवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से पांच आढ़तियों की दुकानों में रखी सब्जियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना में आलू, प्याज और फाइबर के कैरेट जल गए, जिससे दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ। आग से प्रभावित दुकानदारों में अब्बास अली, राजू केसरी, गिरजा शंकर, इमाम हुसैन और शिबू शामिल हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही खुद आग बुझाने में जुट गए और कुछ देर बाद आग पर काबू पा लिया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
143 किलो पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दशाश्वमेध पुलिस ने 143 किलो पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से कोदई चौकी निवासी स्वयं जैन (21) को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 31 अक्तूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने साई बाबा मंदिर, बड़ादेव के पास स्थित एक मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 143 किलो पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने दोपहर करीब 12:15 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने त्योहार के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए पटाखे जमा करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
रंजिश में मारपीट, कार का शीशा तोड़ा
चोलापुर थाना क्षेत्र के मंगोलेपुर गांव में शनिवार की रात पैसे के लेन-देन की रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक कार का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। एक पक्ष पर असलहा निकालकर धमकी देने का भी आरोप लगा है। मंगोलेपुर निवासी विजय प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी एसयूवी कार से शहर से घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले ही तीन युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। हमलावरों ने कार का शीशा तोड़ दिया। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने पर लाकर पूछताछ की जा रही है।
मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
लालपुर पांडेयपुर थाना के पहड़िया रोड स्थित रायफल एक्वा ऑफिस के पास मारपीट में पीड़ित अभिषेक भारद्वाज ने संदीप यादव उर्फ गोलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। अभिषेक के अनुसार, 24 अक्तूबर को दोपहर में संदीप यादव ने अचानक हमला कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज की और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के सामने जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
परिवार को जान से मारने की धमकी
घर में घुसकर परिवार को जान मारने की धमकी मामले में पीड़ित धर्मेंद्र कुमार जायसवाल ने शनिवार को मंडुवाडीह थाने में तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मंडुवाडीह के मड़ौली निवासी धर्मेंद्र कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि सुबह 10:16 बजे आठ लोगों ने दरवाजे पर हमला किया और अपशब्दों का प्रयोग किया। परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साजिश के तहत उनकी गाड़ी भी जला दी गई थी। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आसपास के सीसी टीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
यूपी कॉलेज कैंपस में युवक पर जानलेवा हमला
यूपी कॉलेज कैंपस में शनिवार देर शाम त्रिभुवन प्रसाद (21 वर्ष) पर तीन अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। त्रिभुवन को दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लक्ष्मनपुर निवासी त्रिभुवन प्रसाद ने पुलिस को बताया कि शाम अपनी बाइक से यूपी कॉलेज कैंपस गए थे। तीन अज्ञात युवकों ने हमला किया। हमले में पैर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है।
पुलिस के सामने मनबढ़ों ने लूटे बिजली मीटर
पहड़िया में जमीन विवाद को लेकर मनबढ़ों ने पुलिस की मौजूदगी में शुक्रवार की रात लूटपाट की। पीड़ितों ने शनिवार को पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित लकी घावरी, विनोद चौरसिया और रतन लाल गुप्ता सहित पांच अन्य पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि क्षेत्र के पांच मनबढ़ अपने 50 लोगों के साथ उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर धावा बोला। लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से लैस आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। दुकानों पर लगे सरकारी बिजली के मीटर तोड़कर लूट लिए गए। कुछ हमलावरों ने बिजली विभाग के कर्मचारी होने का ढोंग भी किया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।