राजनीति: विस परिसर में सत्तापक्ष और विपक्ष की नारेबाजी, कांग्रेस विधायकों ने नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्तापक्ष ओर विपक्ष आमने-सामने आ गए। इस दाैरान दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन के बाहर सियासी शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। मंगलवार के भाजपा के प्रदर्शन के जवाब में बुधवार सुबह कांग्रेस विधायकों ने मोर्चा संभालते हुए विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। हिमाचल का योद्धा कैसा हो, सुक्खू भाई जैसा हो और हिमाचल की संपदा नहीं लुटने देंगे जैसे नारों से पूरा विधानसभा परिसर गूंजायमान हो उठा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार की अगुवाई में विधायक हिमाचल ऑन सेल लिखे बैनर और तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे। विधायकों ने परिसर में जुलूस निकालते हुए मुख्य गेट तक प्रदर्शन किया और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी शामिल रहे। उनके साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक अनुराधा राणा, अर्की के विधायक संजय अवस्थी, केवल सिंह पठानिया समेत अन्य विधायक मौजूद रहे।
विनय कुमार ने कहा कि विपक्ष ने सदन में काम रोको प्रस्ताव लाकर यह दिखाने की कोशिश की कि केवल वही हिमाचल के हितों की रक्षा कर रहा है, जबकि कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा नहीं करती। उन्होंने कहा कि हालांकि इस प्रस्ताव पर भाजपा को चर्चा की अनुमति दी गई, लेकिन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को अपनी बात शुरू करने में ही दस मिनट लग गए। विपक्ष का मकसद वॉकआउट करना था, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं होने दिया। विनय कुमार ने कहा कि भाजपा की ओर से लाए गए तीन प्रस्ताव अस्वीकार किए गए, जबकि बाकी प्रस्तावों को स्वीकार कर हिमाचल के हितों पर चर्चा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के हितों की रक्षा करने में नाकाम रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने जनता के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ी है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल आत्मनिर्भर बनना चाहता है और पूरा कांग्रेस विधायक दल मुख्यमंत्री के साथ खड़ा है। सुक्खू उनके नेता हैं और सभी विधायक पूरी ऊर्जा के साथ उनके नेतृत्व में काम कर रहे हैं। सरकारी संपत्तियों को लीज पर देने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार संपत्तियों को बेच नहीं रही, बल्कि उनसे राजस्व अर्जित करने की दिशा में काम कर रही है। विधानसभा परिसर में हुए इस प्रदर्शन को कांग्रेस की ओर से भाजपा के आरोपों का जवाब देने और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विधायक दल की एकजुटता प्रदर्शित करने की राजनीतिक कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
हिमाचल की संपदा को बचाने के लिए विधेयक लाया जाएगा: सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचा है। कहा कि सदन के भीतर भाजपा ने नियम 67 के तहत काम रोको प्रस्ताव लाया, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष अपनी बात रख नहीं पा रहा। काम रोको प्रस्ताव तब लाया जाता है, जब प्रदेश में कोई बहुत बड़ी आपातकालीन स्थिति होती है। पिछली बार भी काम रोको प्रस्ताव लाया था। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने बद्दी में पांच हजार बीघा जमीन कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर 99 साल की लीज पर एक रुपये में दे दी। जमीन की रजिस्ट्री फीस भी नहीं ली। कहा कि हिमाचल की संपदा को बचाने के लिए इस सत्र में एक विधेयक लाया जाएगा।
विदाई तय देख विपक्ष में बैठने की रिहर्सल कर रही कांग्रेस : जयराम
शीतकालीन सत्र में हिमकेयर योजना और एचआरटीसी बसों के संचालन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर सदन में अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने तंज कसा कि सरकार को अपनी विदाई का अहसास हो गया है और कांग्रेस नेता अभी से विपक्ष में बैठने की रिहर्सल कर रहे हैं। तपोवन विधानसभा परिसर के बाहर भाजपा विधायकों ने जयराम ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। पत्रकारों से बातचीत में जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सदन में जिस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह मुख्यमंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। ऐसी भाषा सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के पटल पर इस तरह की टिप्पणियां करना उचित नहीं है और मुख्यमंत्री को इसके लिए सदन में माफी मांगनी चाहिए।
#WATCH | Dharamshala, Himachal Pradesh: On Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu's remarks on the HIMCARE scheme, Former HP CM and LoP Jai Ram Thakur says, “They have realised that they will be out of power after the Assembly elections a year from now, so they have already started rehearsing how to play the role of the Opposition... Secondly, I want to make it very clear that the Chief Minister has made certain objectionable remarks inside the Assembly regarding HIMCARE. These are words that our society finds unpleasant even to hear, let alone speak. The manner in which he used such language in the Assembly was inappropriate, and I believe he should apologise to the House for choosing such words..."
— ANI (@ANI) November 18, 2026
एचआरटीसी बसों के ट्रायल और खरीद प्रक्रिया पर उठाए सवाल
हिमकेयर योजना में कथित अनियमितताओं और फर्जी बिलों को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर जयराम ठाकुर ने आपत्ति जताई। उन्होंने पुरुषों की बच्चेदानी और महिलाओं के अंडकोष के ऑपरेशन से जुड़े बिलों के दावों को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार योजना को बदनाम करने में लगी है। जयराम ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने उन लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए हिमकेयर योजना शुरू की थी, जो आयुष्मान भारत योजना के दायरे में नहीं आते थे। वर्तमान सरकार ने गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त उपचार उपलब्ध करवाने वाली इस योजना को कमजोर करने का प्रयास किया है। नेता प्रतिपक्ष ने एचआरटीसी बसों के संचालन और खरीद प्रक्रिया को लेकर उप मुख्यमंत्री के सदन में दिए जवाब पर भी सवाल उठाए। उन्होंने जवाब को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए पूछा कि यदि बसों का ट्रायल पूरा नहीं हुआ था तो टेंडर की शर्तों और निर्धारित नियमों के विपरीत उन्हें रिसीव करने की प्रक्रिया कैसे पूरी की गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
