लखनऊ ट्रिपल मर्डर: पुलिस को बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी राजेश शुक्ला गिरफ्तार, छह आरोपी पहले पकड़े जा चुके
लखनऊ के सआदतगंज तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजेश कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। ब्राह्मणी टोला में जमीन और वाहन खड़े करने के विवाद में तीन लोगों की हत्या हुई थी। पुलिस पहले ही छह आरोपियों को पकड़ चुकी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
विस्तार
सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में पार्किंग के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में फरार आरोपी राजेश शुक्ला को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। राजेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस राजेश की बेटी दिव्या की तलाश कर रही है। दिव्या पर भी इनाम घोषित है। अब पुलिस उसपर इनाम की राशि बढ़ाने की तैयारी में है।
इंस्पेक्टर सआदतगंज अशोक कुमार सोनकर के मुताबिक आरोपी को पारा रोड स्थित हंसनगर पुलिया तिकुनाया के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ऋषभ के खिलाफ एनएसए लगाने की तैयारी में है। पुलिस का कहना है कि जिस तरीके से आरोपी ऋषभ ने वारदात को अंजाम दिया उससे लग रहा है कि वह पहले से हत्या की तैयारी कर चुका था।
पुलिस वारदात के समय वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के बारे में पता लगा रही है। इसके साथ ही विवाद कहां से शुरू हुआ और पहले क्या हुआ, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस चश्मदीद की तलाश में है। चश्मदीद मिलने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।
पहले से दर्ज है तीन एफआईआर
राजेश ब्राह्मणी टोला का रहने वाला है। उसपर पहले से तीन एफआईआर दर्ज है। इनमें महिलाओं से अभद्रता, धमकी और मारपीट के मामले शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई भी हुई थी। आरोपी दबंग किस्म का है और पुलिस वालों से भी उसकी नजदीकियां हैं। पीड़ित परिवार ने राजेश को पुलिस का मुखबिर बताया था। पूछताछ में आरोपी ने बेटी दिव्या के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी।
यह है मामला
उल्लेखनीय है कि 26 अक्तूबर को पार्किंग के विवाद में ब्राह्मणी टोला में ऋषभ शुक्ला ने एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मार दी थी। हमले में शिवाजी, उनके बेटे सुयश और भाई शंभू तिवारी की मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से हत्यारोपी ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया था। इसके साथ ही वारदात में शामिल पांच अन्य को भी गिरफ्तार किया गया था। राजेश मौके से भाग निकला था, जिसे पुलिस ने शनिवार को दबोच लिया।