बिहार: कार से मिले 66.50 लाख रुपये, दो महिलाओं समेत तीन लोग हिरासत में; आयकर विभाग करेगा जांच
बिहार के रोहतास जिले में शिवसागर टोल प्लाजा के पास शनिवार देर रात पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए। कार में सवार दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
बिहार के रोहतास जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। शनिवार देर रात शिवसागर टोल प्लाजा के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कार में सवार दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया है। तीनों से नकदी के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी है। अब जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
टोल प्लाजा पर देर रात तक हुई नोटों की गिनती
पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग वाराणसी से सासाराम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवसागर टोल प्लाजा के पास वाहन जांच कर रही पुलिस टीम को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 66 लाख 50 हजार रुपये नकद मिले।
नकदी मिलने के बाद पुलिस कार और उसमें सवार सभी लोगों को टोल प्लाजा के कार्यालय ले गई। वहां एक महिला अधिकारी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने बरामद रुपयों की गिनती की। नोटों की गिनती देर रात तक चलती रही। इसके बाद दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
धनतेरस की खरीदारी के लिए वाराणसी जाने की बात कही
पूछताछ में कार सवार लोगों की पहचान सासाराम के जानी बाजार मोहल्ले के रहने वाले चंदन सोनी और उनके स्वजन के रूप में हुई है। चंदन सोनी और उनके परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे धनतेरस की खरीदारी करने के लिए वाराणसी गए थे। हालांकि, वहां खरीदारी नहीं हो पाई, इसलिए वे पूरी नकदी लेकर वापस लौट रहे थे। उनका कहना है कि इसी दौरान शिवसागर टोल प्लाजा पर पुलिस ने उनकी कार रोक ली और तलाशी के दौरान नकदी बरामद कर ली। फिलहाल, पुलिस उनके दावे की जांच कर रही है।
आयकर विभाग को दी गई सूचना, नकदी के स्रोत की जांच
पुलिस ने नकदी बरामद होने के तुरंत बाद आयकर विभाग को इसकी जानकारी दे दी। अब आयकर विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रकम का स्रोत क्या है और इतनी बड़ी नकदी ले जाने के पीछे क्या वजह थी। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की औपचारिक पुष्टि अभी बाकी है। जांच टीम का कहना है कि पूरी छानबीन के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।