कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारामऊ हाईवे पर शुक्रवार को बड़ी लापरवाही के चलते एक ही खराब डंपर से तीन वाहन टकरा गए। शाम करीब सात बजे हाईवे की लेन पर खराब खड़े मौरंग लदे डंपर में सबसे पहले एक तेज रफ्तार बस पीछे से जा घुसी, जिससे बस चालक बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसी दौरान बस के पीछे आ रहे मंधना के दो बाइक सवार युवक भी नियंत्रण खोकर बस से टकराकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद बस चालक को बाहर निकाला। इसके बाद क्षतिग्रस्त बस और बाइकों को तो हटवा दिया गया, लेकिन लावारिस स्थिति में खड़े मुख्य कारण बने खराब डंपर को हाईवे से नहीं हटाया गया। नतीजतन, रात करीब 11 बजे उसी खराब डंपर में गिट्टी लदा एक अन्य तेज रफ्तार डंपर पीछे से जा टकराया, जिससे सीतापुर निवासी चालक कुलदीप भी बुरी तरह घायल हो गया। कुल मिलाकर इस लापरवाही से चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।