चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसे में मकान का करकट, दीवार और चौकी क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग अच्छा रहा कि चौकी पर सो रहे गृहस्वामी कुछ क्षण पहले ही उठकर बाहर गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, सरया गांव निवासी सियाराम यादव का मकान धानापुर-जमानिया मार्ग के किनारे स्थित है। देर रात पिकअप (यूपी 65 पीटी 8418) अचानक अनियंत्रित होकर मकान में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का करकट और चौकी टूट गई तथा दीवार को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि पिकअप चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। घटना की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हादसे में मकान को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप यादव भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।