एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

ओपीडी खुलते ही बढ़ी भीड़, पर्ची से दवा तक इंतजार

मधुवेंद्र सचान Updated Mon, 06 Jul 2026 04:26 PM IST

ओपीडी खुलते ही बढ़ी भीड़, पर्ची से दवा तक इंतजार जिला अस्पताल में 942 मरीज पहुंचे, बुखार और सर्दी-जुकाम के रोगी सबसे अधिक अमेठी सिटी: सुबह आठ बजे जैसे ही संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी शुरू हुई, पर्ची काउंटर के सामने मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लग गई। कुछ ही देर में दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी, एक्सरे और विभिन्न ओपीडी के बाहर भी भीड़ बढ़ गई। दोपहर 12:20 बजे तक मरीज अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दवा काउंटर के बाहर महिलाओं की कतार गेट तक पहुंच गई। एक्सरे कक्ष में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक मरीज रहे। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल में 942 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 350 बुखार, 263 सर्दी-जुकाम और 87 खांसी के मरीज रहे। बढ़ती गर्मी और उमस के बीच वायरल फीवर, आंखों में जलन, खुजली और उल्टी-दस्त के मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंचे। भीड़ के कारण अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दबाव रहा और मरीजों को पर्ची, जांच तथा दवा लेने में एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मरीज ऊर्मिला ने बताया कि दो दिन से तेज बुखार आने पर अस्पताल पहुंचीं। रामकिशोर ने कहा कि बदन दर्द और बुखार से राहत नहीं मिलने पर चिकित्सक को दिखाने आए हैं। रीना देवी ने बताया कि उनके बेटे को बुखार और उल्टी की शिकायत है। मुन्ना लाल ने कहा कि लगातार जुकाम और बुखार के कारण अस्पताल आना पड़ा। फिजीशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि तेज धूप और उमस के कारण वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और बच्चों में उल्टी-दस्त के मामले बढ़े हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों, जांच और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था है तथा सभी मरीजों का समय पर उपचार कराया जा रहा है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें