इंदिरानगर की भूतनाथ मार्केट में बृहस्पतिवार दोपहर पटरी दुकानदारों ने नगर निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम पार्किंग गेट के पास लगी दुकानों को हटाने की बात कह रहा है। इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन कर रहे गोलू, विशाल, राहुल समेत अन्य दुकानदारों का कहना था कि दीपावली में महज दो दिन शेष हैं। ऐसे समय में दुकानों को हटाने की कार्रवाई उनके हितों पर चोट पहुंचाने जैसी है। त्योहार के दौरान ही उनकी अच्छी कमाई होती है और इसी से परिवार का खर्च चलता है। त्योहार के बाद कार्रवाई करने की मांग दुकानदारों ने बताया कि वे लंबे समय से यहां दुकानें लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। त्योहार के ठीक पहले दुकानें हटाने के बजाय उन्हें कुछ दिनों की मोहलत दी जानी चाहिए। उन्होंने नगर निगम से कार्रवाई रोकने और त्योहार के बाद कोई निर्णय लेने की मांग की।