जिला ऊना में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त जतिन लाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनगणना से जुड़े 19 चार्ज अधिकारियों को सम्मानित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहले तीन चार्ज अधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य अधिकारियों को प्रशस्ति दिए गए। इनमें शहरी क्षेत्र की श्रेणी में नगर पंचायत बंगाणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नगर परिषद मेहतपुर बसदेहड़ा दूसरे स्थान पर रही, जबकि नगर पंचायत दौलतपुर चौक, अम्ब तथा टाहलीवाल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। ग्रामीण क्षेत्र में तहसील हरोली प्रथम, उप तहसील जोल द्वितीय तथा उप तहसील मेहतपुर बसदेहड़ा एवं तहसील ऊना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, सहायक आयुक्त विनय मोदी, जिला नोडल जनगणना कार्य निदेशालय शिमला से दीपक कुमार यदुवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।