धन्वंतरि जयंती और राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना और विशेष हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में धार्मिक अनुष्ठान कर रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और समाज में आरोग्य एवं सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना की गई। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. निशाद, अस्पताल की एमएस डॉ. नमिता गौतम सहित डॉक्टर, नर्सें और अस्पताल का अन्य स्टाफ शामिल हुआ। हवन के दौरान धन्वंतरि मंत्रों का उच्चारण किया गया। पवित्र औषधियों, घी और हवन सामग्री की आहुतियां अर्पित कर भगवान धन्वंतरि का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना की गई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान धन्वंतरि से आशीर्वाद प्राप्त करना, अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करना और समाज में आरोग्य तथा सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देना रहा।