नागरिक अस्पताल में सोमवार को एक दिन की छुट्टी के बाद ओपीडी खुली तो मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्ची कटवाने के लिए मरीजों को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष में पर्ची काटने के लिए एक ही महिला ऑपरेटर की जिम्मेदारी रही। अस्पताल में रोजाना 750 से 800 मरीजों की ओपीडी होती है। रजिस्ट्रेशन कक्ष में तीन ऑपरेटरों की डयूटी लगाई गई है। लेकिन सोमवार एक ऑपरेटर छुट्टी पर रहा और दूसरे की आभा आईडी काउंटर पर डयूटी लगा दी गई। इसके चलते मरीजों की लंबी लाइन लग गई। हालात धक्का-मुक्की तक के रहे। वहीं कई मरीज महिला ऑपरेटर से भी उलझते हुए नजर आए। दोपहर 12 बजे तक भी लंबी लाइन लगी रही। अस्पताल में ओपीडी सुबह 9 बजे शुरू होती है।