संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई निवासी इरफान ने अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज और तहरीर देने के बावजूद न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई।
पीड़ित इरफान ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक जुलाई को पड़ोस के कुछ लोगों ने उसके घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उसने सरूरपुर थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
शिकायत में इरफान ने खिवाई चौकी प्रभारी पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। शिकायत में उल्लेख किया कि मुख्य आरोपी पहले से हत्या के एक मामले में जमानत पर है। पीड़ित ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।