फलावदा। क्षेत्र के गांव सनौता में सोमवार को मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों की दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। एक पक्ष से ओमबीर और दूसरे पक्ष से नरेश ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। इस मारपीट में एक पक्ष से अभिषेक, नरेश व पूनम और दूसरे पक्ष से चंद्रवीर व उसकी मां सुंदरी घायल हुई हैं। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर मिल गई है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं।