पुलिस ने बताया कि अश्वनी अलीगढ़ के भीकमपुर एस्टेट क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट का अभ्यास करता था। बृहस्पतिवार को महुआ खेड़ा मैदान पर मैच खेलने के बाद शाम पांच बजे वह अपने दोस्त भानू गौतम और वैभव के साथ ई-ऑटो से सासनी आ रहा था। वहां से दूसरा ऑटो लेकर हाथरस आना था। इसी बीच शाम 5.30 बजे राधिका ढाबे पर सामने से आ रहे टाटा-407 का चालक तेज रफ्तार में था और उसने दाहिनी ओर ढाबे पर खाना खाने के लिए वाहन मोड़ा। ई-ऑटो अपनी गति नियंत्रित नहीं कर सका और दोनों वाहनों की आमने सामने टक्कर हो गई।
ऑटो में क्रिकेटर अश्वनी और उसके दोस्त भानू व वैभव के अलावा दिल्ली निवासी एक परिवार भी सवार था जो हाथरस में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। इनके अलावा एक अलीगढ़ का निवासी आदिल था जो सासनी जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहनों की टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई थी। हादसा इतना भीषण था कि काफी दूर तक ऑटो के पुर्जे जा गिरे।
आवाज सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने ऑटो सवार यात्रियों को बचाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस पहुंची। घायलों को सासनी स्थित सीएचसी भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने तीन लोगों के मृत होने की पुष्टि की जिसके बाद उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल विनीता, प्रियंका, लक्ष्य, भानू और वैभव को अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जबकि आदिल को हाथरस के जिला अस्पताल भेजा।
हादसे की सूचना पर डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। डीएम सत्यप्रकाश ने कहा कि सर्दियों में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए पुलिस और परिवहन विभाग के साथ मिलकर कदम उठाए जाएंगे। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता दिलाई जाएगी। वहीं एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। टाटा-407 के चालक को पकड़ लिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।