पीडीडीयू नगर के दामोदरदास पोखरा के पास भगवान जगन्नाथ के दर्शन करते श्रद्धालु। संवाद
पीडीडीयू नगर। रथयात्रा मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा का रथ पीडीडीयू नगर के जीटी रोड स्थित दामोदरदास पोखरा पर पहुंचा। यहां भक्तों ने भगवान का दर्शन-पूजन किया। इस मौके पर मेले में लोगों ने खूब खरीदारी की।
पीडीडीयू नगर में रथयात्रा मेले की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई थी। रेलवे स्टेशन गेट के पास जीटी रोड पर भक्तों ने जगत के पालन हार के दर्शन किए। दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह पांच बजे भक्तों ने भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचकर दामोदरदास पोखरा पहुंचाया।
रथयात्रा मेला कमेटी की ओर से पहले से ही मेले की तैयारियां की गई थीं। रथ पहुंचने के बाद यहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधि विधान से पूजा कर आरती उतारी गई। इस मौके पर यहां मेला लगा।
मेले में लोगों ने खूब खरीदारी की। इस मौके पर यहां कुश्ती दंगल का भी आयोजन किया गया। इसमें पहलवानों ने दांव-पेंच दिखाए। सूर्यास्त के बाद भक्तों ने भगवान के रथ को खींचकर जीटी रोड होते हुए सुभाष पार्क के समीप नवनिर्मित मां काली काली मंदिर के समीप पहुंचाया। यहां भी भगवान जगन्नाथ की शयन आरती की गई।
यहां पूरी रात भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। इसके पूर्व दोपहर में तेज धूप खिली रही इससे भक्तों में निराशा हुई। वहीं शाम को हल्की बूंदाबांदी ने भक्तों के जोश को बढ़ा दिया।
आयोजक मंडल के पदाधिकारी आनंदी देवी, जवाहर गुप्ता, महेश जासवाल आदि ने बताया कि शनिवार की सुबह भक्त भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचकर राम मंदिर पहुंचाएंगे। इसके साथ मेले का समापन होगा। संवाद