फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं: हमले में घायल मंडी समिति के सुरक्षा गार्ड की इलाज के दौरान मौत, चेकिंग के दौरान सचल दल पर हुआ था हमला

Sun, 22 Nov 2026 10:45 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

उझानी मंडी समिति के सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार की शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें 19 नवंबर को मिर्च लदे वाहन की चेकिंग के दौरान हुए हमले में गंभीर चोट आई थी। राकेश के सिर में गंभीर चोट लगी थी। बरेली के निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के मंडी समिति की सचल दल पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। बरेली के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शनिवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। 19 नवंबर की रात मिर्च लदे वाहन की चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। इसमें राकेश के सिर में गंभीर चोट आई थी। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मंडी समिति के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

विज्ञापन


मंडी समिति उझानी के सचिव रिंकूलाल कश्यप की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक, 19 नवंबर की रात करीब आठ बजे मंडी निरीक्षक एवं सचल दल प्रभारी सतेंद्र कुमार गौतम अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अंबेडकर चौराहे पर करीब 30 क्विंटल मिर्च लदे वाहन (यूपी-24एटी-8308) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। 

Trending Videos
विज्ञापन

आरोपियों ने लाठी-डंडों से किया था हमला 
सचल दल ने पीछा कर कुढ़ा नरसिंहपुर स्थित शील्ड कोल्ड स्टोरेज के सामने वाहन को रोक लिया। टीम ने चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह अभद्रता करने लगा। आरोप है कि चालक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दो बाइकों पर सवार होकर छह युवक मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि दूसरे गार्ड वेदपाल भी घायल हुए थे। टीम के अन्य सदस्यों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। 

गंभीर हालत में राकेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया था, जहां उपचार के बाद शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई। सीओ उझानी राहुल पांडेय के मुताबिक, मंडी सचिव की तहरीर पर पहले ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। सुरक्षा गार्ड की मौत के बाद मामले में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें