मेडिकल कालेज के लिए सर्वे कार्य शुरू
बिजनौर। गांव स्वाहेडी के पास बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज के लिए दिल्ली की टीम ने बृहस्पतिवार को बिजनौर पहुंचकर सर्वे कार्य शुरू कर दिया। दस दिन तक टीम सर्वे करेगी। इस दौरान मेडिकल कॉलेज का खाका तैयार किया जाएगा। इसके बाद टेंडर होने पर निर्माण शुरू होगा। जनवरी माह में निर्माण शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सपा सरकार के दौरान गांव स्वाहेड़ी के पास मेडिकल कॉलेज बनाने की कवायद शुरू हुई है। भाजपा सरकार बनने के बाद जिले के भाजपा नेता मेडिकल कॉलेज बनवाने के लिए सक्रिय हुए। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के लिए 332 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। 252 करोड़ में मेडिकल कॉलेज बनेगा। बाकी धन से मेडिकल कॉलेज के उपकरण व अन्य सामन खरीदा जाएगा। बृहस्पतिवार को दिल्ली से कंसलटेंट कंपनी के अधिकारियों की टीम बिजनौर पहुंची। टीम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ गांव स्वाहेड़ी के पास मेडिकल कॉलेज की चिह्नित जमीन पर पहुंची व सर्वे किया। पीडब्लूडी बिजनौर के अधिशासी अभियंता सुनील सागर ने सर्वे कार्य की पुष्टि की है।