अंबेडकरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े मरीज अब जिला अस्पताल के चिकित्सकों से ऑनलाइन उपचार करा सकेंगे। जिला अस्पताल प्रशासन ने 29 केंद्रों के लिए यह सेवा शुरू कर दी है। बुधवार को 40 से अधिक मरीजों ने इसका लाभ भी उठाया। जिला अस्पताल में इसके लिए तीन कम्प्यूटर सेट लगाने के साथ ही चिकित्सकों की तैनाती भी कर दी गई है।
दूरदराज के क्षेत्रों को जिला अस्पताल के चिकित्सकों से उपचार कराने के लिए लंबी दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल प्रशासन ने टेली मेडिसिन सेवा शुरू कर दी है। यह सेवा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों को इंटरनेट के जरिये जोड़कर शुरू की गई है।
कारण यह कि कई अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं जहां पर या तो चिकित्सकों की तैनाती नहीं है या फिर वे राजकीय काम से अक्सर व्यस्त हो जाते हैं। इसके चलते संबंधित क्षेत्र के मरीजों को अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार का लाभ नहीं मिल पाता है। उन्हें लंबी दूरी तय कर सीएचसी या फिर जिला अस्पताल तक की दौड़ लगानी पड़ती है। मरीजों व उनके तीमारदारों को इससे निजात दिलाने के लिए शासन ने टेली मेडिसिन सेवा बीते दिनों शुरू की।
इसके तहत जिला अस्पताल के एक विशेष कक्ष को इंटरनेट के जरिये अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ा गया है। स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ आफीसर मरीजों का नाम व बीमारी की जानकारी इंटरनेट के जरिये जिला अस्पताल के चिकित्सकों को भेजेंगे। यहां बैठे चिकित्सक मिली जानकारी के अनुसार दवा व जांच की सलाह देंगे।
बुधवार को इस सेवा के पहले दिन अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे 40 से अधिक मरीजों ने इसका लाभ उठाया। जिला अस्पताल में बने टेली मेडिसिन कक्ष में डॉ. मनोज शुक्ल व डॉ. रीना राजभर ने मरीजों का उपचार किया। उधर, जिला अस्पताल प्रबंधक डॉ. हर्षित गुप्त ने बताया कि यह सुविधा दूरगामी परिणाम वाली होगी। आने वाले समय में मरीज इसका बड़े पैमाने पर लाभ उठा सकेंगे।