मैनपुरी के कस्बा करहल में बकाया कार भाड़ा मांगने पर रविवार को हुए विवाद में सोमवार को लेनदार पक्ष ने भरे बाजार फायरिंग और एक दुकान में तोड़फोड़ कर दी। दोनों पक्षों के अलग समुदाय का होने से दहशत में बाजार बंद हो गया।
मोहल्ला बाजार निवासी तनवीर अली घर में ही कपड़े की दुकान करते हैं। वो पिछले दिनों कार किराए पर ले गए थे। रविवार शाम गड़िया चौराहा वासी राहुल साथियों के साथ आया और किराया मांगने लगा। इसी पर दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई। तनवीर ने राहुल, शेखर, मनीष यादव, पिंटू यादव और रिषी यादव, श्रीकृष्ण सहित आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
आरोप है कि सोमवार सुबह 11 बजे नामजद आरोपी 20-25 लोगों के साथ मोहल्ला बाजार आए और फायरिंग की। तनवीर की दुकान बंद पाकर उन्होंने एनुल की दुकान में तोड़फोड़ की। फायरिंग होते ही बाजार बंद हो गया। एसडीएम रतन वर्मा, सीओ अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई। अब एनुल ने भी नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
बीच बाजार हुई फायरिंग के बाद करीब एक घंटे तक लोगों में दहशत रही। दुकानदार दुकानों को बंद करके भाग खड़े हुए। विवाद हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच होने के चलते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी जातीय संघर्ष को लेकर चितिंत दिखे। अफसरों की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी ने समय रहते ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।