जीरकपुर। पुलिस विभाग अब लोगों को उनके घरों के करीब सुरक्षा प्रदान करेगा। इसके लिए पुलिस बीट बॉक्स स्थापित किए जा रहे हैं, जहां अधिकारी चौबीस घंटे तैनात रहेंगे। ये अधिकारी शिकायतों को सुनने और समझौतों को अंजाम देने के साथ-साथ गश्त भी करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना है। एएसपी गजलप्रीत कौर ने बताया कि जहां पुलिस थाने या बीट बॉक्स होते हैं, वहां शरारती तत्व वारदात करने से कतराते हैं। जीरकपुर में अब तक दो पुलिस बीट बॉक्स चालू किए जा चुके हैं। इनमें से एक वीआईपी रोड पर सात महीने पहले खोला गया था। दूसरा बीट बॉक्स अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर स्थित प्रीत कॉलोनी रोड पर दो दिन पहले ही शुरू हुआ है।
अब पुलिस विभाग भबात में एक नया बीट बॉक्स खोलने की योजना पर काम कर रहा है। गजलप्रीत कौर ने कहा कि जीरकपुर को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में वीआईपी रोड और अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर पुलिस बीट बॉक्स बनाए गए हैं। इनके खुलने के बाद मिले फीडबैक को देख अब भबात क्षेत्र में पुलिस बीट बॉक्स खोलने के लिए जगह का चयन कर लिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में भबात क्षेत्र के अंदर पुलिस बीट बॉक्स बनकर तैयार हो जाएगा, जिसमें बैठकर पुलिस अधिकारी लोगों को सुरक्षा देंगे।