जम्मू। सैनिक कॉलोनी में मकान बेचने के नाम पर 3.55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा ने पति-पत्नी के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। आरोप है कि दोनों ने बैंक में गिरवी रखे मकान की बात छिपाकर उसे बेचने का सौदा किया और शिकायतकर्ता से रकम ले ली। आरोपियों की पहचान सैनिक कॉलोनी निवासी प्यारे लाल कौल और उनकी पत्नी निर्मला कौल के रूप में हुई है। इस मामले में चार्जशीट दाखिल की गई है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार अंकुर मैत्रिका अस्पताल के निदेशक डॉ. अजय वखलू ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्यारे लाल कौल और उनकी पत्नी ने सैनिक कॉलोनी में मकान सहित एक प्लॉट बेचने के लिए उनसे 3.55 करोड़ में सौदा किया था। इसके लिए 21 फरवरी 2025 को लिखित समझौता भी हुआ। बाद में पता चला कि जिस मकान को बेचने का सौदा किया था, वो पहले से ही जेएंडके बैंक में कर्ज के बदले गिरवी रखा हुआ था। आरोप है कि दंपती ने यह बात शिकायतकर्ता को नहीं बताई थी। इस मामले में डीएसपी विशाल शर्मा की जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने सौदे और बैंक का कर्ज चुकाने के लिए करीब 3.55 करोड़ दिए थे। ब्यूरो