बाड़ी ब्राह्मणा। पल्ली पंचायत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली हुए एक माह हो चुका है। रैली के बाद किस तरह से विकास के कार्यों को अमल में लाया जा रहा है, उसको लेकर नौ जून को केंद्र सरकार की तरफ से एक मुख्य अधिकारी टीपी बालन को भेजा गया। उन्होंने पंचायत में सोलर प्लांट और उसके अलावा अन्य विकास के कार्यों का जायजा लिया।
इसमें उनके साथ लगभग सभी विभाग के अधिकारी रहे। उन्होंने पंचायत में 500 किलोवाट की क्षमता से बनाए गए सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उसके बाद अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि यह बिजली सीधे ग्रिड स्टेशन बाड़ी ब्राह्मणा को जा रही है। वहां से आगे बराबर लाइनों में आपूर्ति होती है। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव किया गया था, लेकिन पल्ली के लिए अलग से बिजली का स्टेशन न होने को लेकर बाड़ी ब्राह्मणा ग्रिड स्टेशन से ही बिजली आगे दी जा रही है। इसके कारण अन्य क्षेत्रों को भी बिजली बराबर चली जाती है।
इसपर बात करते हुए अधिकारी ने बताया कि बिजली ग्रिड स्टेशन बाड़ी ब्राह्मणा को ही जाती रहेगी, और पल्ली को न्यूट्रल कार्बन में सक्षम बनाने के लिए घर-घर में सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिसके ऊपर सरकार की तरफ से सब्सिडी प्रदान की जाएगी और हर घर के लोड के हिसाब से सोलर पैनल की क्षमता रखी जाएगी। इस मौके पर जैकेडा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पल्ली को न्यूट्रल कार्बन करने के लिए उनके विभाग की तरफ से पहले से ही सोलर कुकर वितरित कर दिए गए हैं। उसके अलावा सोलर मोटर पंप लगाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है, जिसमें भी एक अच्छी सब्सिडी सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। हर घर में सोलर पैनल लगाने का प्रस्ताव भी सरकार को भेज दिया गया है, जिसमें लोगों के घरों में सोलर पैनल मुफ्त लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था। भारत सरकार की ओर से 40 फीसदी सब्सिडी सोलर पैनल पर प्रदान की जाएगी और राज्य सरकार की तरफ से उसपर क्या सब्सिडी दी जाती है, वह बाद में फैसला लिया जाएगा। अगर मुफ्त में भी सोलर पैनल लगाने का प्रस्ताव पास नहीं होता है तो लोगों को लगभग 65 फीसदी सब्सिडी प्रदान की जाएगी। वहीं एक किलोवाट बिजली के लोड के लिए सोलर पैनल इंस्टाल करने का खर्चा लगभग 50 हजार तक आता है। जैसे ही प्रस्ताव पास हो जाएगा, प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
------------
पल्ली सोलर प्लांट से बिजली तैयार करके बाड़ी ब्राह्मणा ग्रिड स्टेशन में जा रही है। वहां से आगे पीडीडी विभाग किस तरह से उसकी आपूर्ति कर रहा है यह उन्हीं को पता है। एक किलोवाट लोड पर 50 हजार का सोलर पैनल इंस्टाल करने का खर्च है, जिसके ऊपर 65 फीसदी तक सब्सिडी प्रदान कर दी जाएगी।
-दीपक शर्मा, जैकेडा अधिकारी