दिवाली और छठ पूजा से पहले देश के कारोबारियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने एक नवंबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग शहरों में सिलिंडर के दाम 10 से 12 रुपये तक बढ़े हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई दरें रविवार से देशभर में लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब बाजारों में त्योहारों की खरीदारी तेज होने वाली है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार में इस्तेमाल होने वाले इन सिलिंडरों के महंगे होने से कारोबारियों की परिचालन लागत बढ़ सकती है।
एटीएफ की कीमत 1.37 रुपये प्रति लीटर बढ़ी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी के चलते विमान ईंधन (एटीएफ) के दाम रविवार से 1.37 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। वहीं, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी। एटीएफ की कीमत 137.12 रुपये से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जेट फ्यूल की कीमतों में यह लगातार चौथे महीने हुई बढ़ोतरी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के कारण घरेलू स्तर पर भी इसके दाम बढ़ाए गए हैं।
इससे पहले 1 अक्टूबर को एटीएफ की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले 1 सितंबर को 6.28 रुपये और 1 अगस्त को पांच रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी। विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत में जेट फ्यूल की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी तक होती है। ऐसे में कीमतों में ताजा बढ़ोतरी से एयरलाइंस का खर्च और बढ़ सकता है।
चार महानगरों में कितनी हुई कीमत?
इंडियन ऑयल की ओर से जारी कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलिंडर अब 2,820 रुपये का हो गया है। अक्टूबर में इसकी कीमत 2,810 रुपये थी। इस तरह राजधानी में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
कोलकाता में सिलिंडर का दाम 2,959 रुपये से बढ़कर 2,971 रुपये पहुंच गया है। यहां उपभोक्ताओं को अब 12 रुपये अधिक चुकाने होंगे। मुंबई में कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2,764 रुपये से बढ़कर 2,775 रुपये हो गई है। वहीं, चेन्नई में इसकी कीमत 2,983 रुपये से बढ़कर 2,994.50 रुपये पहुंच गई है। यहां 11.50 रुपये की वृद्धि हुई है।
अहमदाबाद में भी कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर महंगा हुआ है। यहां इसकी कीमत 2,831.50 रुपये से बढ़कर 2,842 रुपये हो गई है। यानी उपभोक्ताओं को अब 10.50 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
घरेलू गैस सिलिंडर के दाम स्थिर
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में लगातार बदलाव के बीच घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलिंडर के दाम पहले की तरह ही रखे गए हैं। चेन्नई में घरेलू सिलिंडर 957.50 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और अहमदाबाद में 949 रुपये में उपलब्ध है।
इस साल कई बार बदले कमर्शियल सिलिंडर के दाम
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में पिछले कुछ महीनों के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सितंबर 2026 में सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर के दाम 9.50 रुपये बढ़ाए थे। इसके बाद अक्टूबर में कीमतों में 62.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई।
हालांकि, अगस्त में कारोबारियों को राहत देते हुए कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में 209 रुपये की कटौती की गई थी। घरेलू सिलिंडर के दाम उस समय भी स्थिर रखे गए थे।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ सकता है असर
कमर्शियल गैस सिलिंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, मिठाई की दुकानों और कैटरिंग कारोबार में किया जाता है। ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने से इन कारोबारों का खर्च बढ़ सकता है। कारोबारियों के लिए त्योहारों के दौरान यह अतिरिक्त लागत चुनौती बन सकती है। हालांकि, इसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर कितना पड़ेगा, यह कारोबारियों की अन्य लागतों, मांग और बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।