एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

Women's T20 World Cup: विजेता टीम को मिले इतने रुपये, पिछली बार की तुलना में कितनी बढ़ी कुल इनामी राशि?

Sun, 05 Jul 2026 11:24 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

महिला टी20 विश्व कप 2026 की कुल इनामी राशि में पिछले संस्करण के मुकाबले 10% की बढ़ोतरी की गई है। आइए जानते हैं इस बार विजेता से लेकर इसमें भाग लेने वाली सभी 12 टीमों को कितने रुपये की राशि मिली है...
विज्ञापन
महिला टी20 विश्व कप 2026 - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिला टी20 विश्व कप 2026 का समापन रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए फाइनल के साथ हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखा और मेजबान इंग्लैंड के दूसरी बार चैंपियन बनने के सपने को तोड़ दिया।

विज्ञापन


इंग्लैंड की नजर 17 साल बाद दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने पर थी। उसने 2009 में लॉर्ड्स में ही पहला महिला टी20 विश्व कप अपने नाम किया था, लेकिन इस बार उसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपने शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करते हुए सातवीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और महिला टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी। खिताब जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम पर इनामी राशि की भी बारिश हुई।

फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का हेड टू हेड
महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह चौथी भिड़ंत थी और ऑस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा बरकरार रखा। कंगारू टीम ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में लगातार चौथी जीत दर्ज की। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में भी इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। अब 2026 के फाइनल में भी जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप फाइनल में अपना रिकॉर्ड 4-0 कर लिया और रिकॉर्ड सातवीं बार महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की।
विज्ञापन


इस बार बढ़ी थी टीमों की संख्या
महिला टी20 विश्व कप इस बार कई मायनों में विशेष रहा। पहली बार इसमें 12 टीमों ने हिस्सा लिया और मैचों की संख्या में भी वृद्धि हुई। ग्रुप चरण में इस बार कुल 30 मुकाबले खेले गए जो 2024 की तुलना में 10 ज्यादा हैं। पिछली बार ग्रुप चरण में 20 मुकाबले खेले गए थे। भारत का सफर हालांकि, ग्रुप चरण में ही थम गया था तो टीम सेमीफाइनल के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। 

किसे कितने रुपये मिले?
इस बार महिला टी20 विश्व कप की कुल इनामी राशि में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आईसीसी ने मौजूदा टी20 विश्व कप के लिए 8,764,615 अमेरिकी डॉलर (लगभग 83.45 करोड़ रुपये) की कुल इनामी राशि रखी है जो पिछली बार की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा है। 2024 में खेले गए टी20 विश्व कप की कुल इनामी राशि 7,958,077 अमेरिकी डॉलर (करीब 74 करोड़ रुपये) थी। टूर्नामेंट की विजेता टीम को 2,340,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 22 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जो पिछली बार के बराबर है। उपविजेता टीम को 1,170,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 11 करोड़ रुपये) मिलेंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 675,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 6.29 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे, जबकि ग्रुप स्टेज में हर जीत की कीमत लगभग 29 लाख रुपये है, जो 2024 जैसा ही है। 

महिला टी20 विश्व कप की इनामी राशि
स्थान  इनामी राशि (रुपये में) 
विजेता 22 करोड़
उपविजेता 11 करोड़
सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें  6.29 करोड़
ग्रुप स्टेज में हर जीत पर 29 लाख
सभी 12 भाग लेने वाली टीमों के लिए न्यूनतम राशि  2.35 करोड़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें