फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: बिहारशरीफ के 6 गांव बनेंगे ग्रोथ हब, जाम से मिलेगी मुक्ति; 588 जलाशयों को भी किया जाएगा पुनर्जीवित

Fri, 27 Nov 2026 07:44 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बिहारशरीफ के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान-2047 में छह गांवों को ग्रोथ हब बनाने, तीन नए रिंग रोड विकसित करने और 588 जलाशयों को पुनर्जीवित करने का प्रस्ताव है। शहर में शिक्षा, पर्यटन, उद्योग और हरित क्षेत्र के विस्तार पर भी जोर दिया गया है।
विज्ञापन
2047 के मास्टर प्लान में शहर के विकास का खाका तैयार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहारशरीफ को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान-2047 तैयार किया गया है। इसमें अगले दो दशकों की जरूरतों और तेजी से बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए शहर के सुनियोजित विकास की रूपरेखा बनाई गई है। योजना के तहत शहर के आसपास के छह गांवों को सैटेलाइट ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं, मल्टी-रिंग रोड नेटवर्क तैयार कर मुख्य शहर को जाम से राहत दिलाने और 588 जलाशयों को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बिहारशरीफ को शिक्षा, पर्यटन, उद्योग और प्रशासन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

छह गांवों में विकसित होंगे अलग-अलग ग्रोथ हब

मास्टर प्लान के तहत शहर के चारों ओर स्थित छह प्रमुख गांवों को भविष्य के शहरी विस्तार के केंद्र के रूप में चुना गया है। वर्ष 1991 से 2022 के बीच इतासन भदवा, बियाबानी और मोरातालाब जैसे गांवों की आबादी में 100 से 150 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में बढ़ती आबादी को व्यवस्थित तरीके से बसाने के लिए इन क्षेत्रों में अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

विज्ञापन

उत्तर दिशा में मोरातालाब को सैटेलाइट टाउनशिप के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। उत्तर-पूर्व में स्थित इतासन भदवा को आबादी के विस्तार के अनुरूप विकसित किया जाएगा। पूर्वी क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स और हाउसिंग हब बनाने की योजना है। दक्षिण-पूर्व में बेहतर कनेक्टिविटी वाले तुंगी, दक्षिण में पचौरी और दक्षिण-पश्चिम में बियाबानी को शहरी विस्तार के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बियाबानी में सेकेंडरी कमर्शियल हब बनाने का प्रस्ताव है। वहीं, उत्तर-पश्चिम में स्थित दोइया को स्टेट हाईवे से जुड़ाव के कारण औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

तीन नए रिंग रोड से शहर को मिलेगी जाम से राहत

बिहारशरीफ में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के लिए मल्टी-रिंग रोड नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसमें मौजूदा रिंग रोड के अलावा तीन नए रिंग रोड प्रस्तावित हैं। इससे भारी वाहनों को मुख्य शहर में प्रवेश किए बिना बाहर से ही निकाला जा सकेगा। परिणामस्वरूप शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा और जाम के साथ प्रदूषण की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

588 जलाशयों को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य

मास्टर प्लान में पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत पंचाने और सकरी नदियों के संरक्षण के साथ क्षेत्र के 588 जलाशयों को पुनर्जीवित करने की योजना है। नदी और जलाशयों के आसपास ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर, वेटलैंड और इको-पार्क विकसित किए जाएंगे। शहर में हरित क्षेत्र को मौजूदा एक प्रतिशत से भी कम के स्तर से बढ़ाकर 15 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सिटी पार्क और अर्बन फॉरेस्ट विकसित किए जाएंगे।

एजुकेशन हब के साथ पर्यटन और उद्योग को भी मिलेगा बढ़ावा

बिहारशरीफ को देशभर के विद्यार्थियों के लिए प्रमुख एजुकेशन हब बनाने की योजना है। इसके लिए मौजूदा कोचिंग संस्थानों का विस्तार करने के साथ नए विश्वविद्यालय, कौशल विकास केंद्र और रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीर पहाड़ी, इब्राहिम मलिक बया का मकबरा, मणिराम अखाड़ा, बौद्ध मठ, मोरा तालाब, बड़ी दरगाह और संग्रहालय को जोड़कर हेरिटेज टूरिस्ट सर्किट विकसित किया जाएगा।

विज्ञापन

वहीं, आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए मोरातालाब में लेदर इंडस्ट्री क्लस्टर और बसवन बिगहा की प्रसिद्ध बावन बूटी साड़ी के लिए हैंडलूम क्लस्टर बनाने की योजना है। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब भी विकसित किए जाएंगे। इन योजनाओं के जरिए बिहारशरीफ को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक व्यवस्थित और बहुआयामी शहरी केंद्र बनाने का लक्ष्य है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें